Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

कोलकाता मेट्रो के डिब्बे से उठा धुआं, कोई हताहत नहीं

कोलकाता, चार सितंबर (भाषा) कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर शुक्रवार शाम एक ट्रेन के डिब्बे में धुआं उठता देखा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना अपराह्न करीब 4:10 बजे हुई, जब दक्षिणेश्वर जाने वाली ट्रेन बेलगाछिया स्टेशन पर खड़ी थी।

मेट्रो के एक प्रवक्ता ने बताया कि ट्रेन के एक डिब्बे के नीचे से धुआं निकलता देखा गया, जिसके तुरंत बाद यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया।

उन्होंने कहा, 'धुआं कुछ देर के लिए प्लेटफॉर्म क्षेत्र में फैल गया था, लेकिन कर्मचारियों ने स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया।'

प्रवक्ता ने बताया, 'इस घटना में किसी के घायल होने, हताहत होने या अफरा-तफरी मचने की कोई सूचना नहीं है। प्रभावित ट्रेन के डिब्बे को जांच के लिए कार शेड ले जाया गया, जबकि उसमें सवार यात्रियों ने अगली ट्रेन से अपनी यात्रा दोबारा शुरू की।'

उन्होंने बताया कि इस घटना के कारण ब्लू लाइन पर ‘अप’ या ‘डाउन’ दोनों में से किसी भी दिशा में मेट्रो सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश