देहरादून, चार सितंबर (भाषा) उत्तराखंड के अनेक स्थानों में शुक्रवार को भी भारी बारिश का सिलसिला जारी रहा जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ और सड़क मार्ग बाधित हो गए।
एक आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, हालांकि राज्य में बदरीनाथ-ऋषिकेश मार्ग सहित अधिकांश राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए खुले रहे।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) की रिपोर्ट के अनुसार, भूस्खलन के कारण पौड़ी-देवप्रयाग, गोपेश्वर-चोपता सहित कई सड़क मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ।
बाधित मार्गों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बारिश के कारण राज्य की प्रमुख नदियों का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है।
अलकनंदा, मंदाकिनी और गंगा समेत अधिकांश नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से करीब एक से दो मीटर नीचे बह रही हैं।
इस बीच, देहरादून मौसम केंद्र ने शनिवार को उत्तराखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका के साथ 'येलो अलर्ट' जारी किया है। विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम केंद्र ने राज्य के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना जतायी है।
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए हरिद्वार जिले में कक्षा 12 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिले में स्थित सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को पांच सितंबर को बंद रखे जाने के आदेश जारी कर दिए हैं ।
मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में शनिवार यानी पांच सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है।
भाषा दीप्ति संतोष
संतोष