इंदौर, चार सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर में मेट्रो रेल अब मौजूदा छह किलोमीटर से बढ़कर 17 किलोमीटर लंबे मार्ग पर दौड़ेगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल पांच सितंबर को इस विस्तारित सेवा का उद्घाटन करेंगे।
मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमपीएमआरसीएल) के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विस्तारित सेवा के उद्घाटन समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे। इस सेवा का वाणिज्यिक परिचालन आम यात्रियों के लिए छह सितंबर से शुरू होगा।
अधिकारी ने बताया कि विस्तारित सेवा की पहली मेट्रो रेल दोनों छोर से रोजाना सुबह नौ बजे रवाना होगी, जबकि अंतिम ट्रेन शाम सात बजे चलेगी।
अधिकारी के मुताबिक, यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो रेल मिलेगी और प्रतिदिन इसके 80 से अधिक फेरे संचालित किए जाएंगे।
वर्तमान में इंदौर मेट्रो का वाणिज्यिक परिचालन गांधी नगर स्टेशन से सुपर कॉरिडोर-3 स्टेशन तक छह किलोमीटर के मार्ग पर किया जा रहा है। सेवा विस्तार के बाद अब मेट्रो गांधी नगर स्टेशन से मालवीय नगर चौराहा स्टेशन तक 17 किलोमीटर लंबे मार्ग पर संचालित होगी।
अधिकारी ने कहा,'विस्तारित सेवा में मेट्रो रेल कुल 16 स्टेशन तक का सफर तय करेगी जिससे प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच आवागमन के लिए इसकी सुविधा व्यापक हो जाएगी।'
शहर में कुल 31.32 किलोमीटर लंबे मेट्रो रेल गलियारे के निर्माण के लिए वर्ष 2019 से काम जारी है।
हालांकि, गुजरे बरसों के दौरान सघन आवासीय और वाणिज्यिक इलाकों में इस परियोजना को बाधाओं का सामना करना पड़ा है। इन इलाकों के कई लोग परियोजना का यह कहते हुए विरोध कर रहे हैं कि इससे आम जनजीवन प्रभावित होगा और उनके कारोबार में परेशानी आएगी।
भाषा हर्ष शफीक
शफीक