Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

मप्र : मुख्यमंत्री यादव ने परशुराम जन्मस्थली में नये धार्मिक गलियारे की नींव रखी

इंदौर, चार सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर इंदौर जिले में करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नये धार्मिक गलियारे ‘श्री परशुराम-श्रीकृष्ण लोक’ की नींव रखी।

उन्होंने कहा कि राज्य में भगवान कृष्ण और भगवान राम से जुड़े अलग-अलग धार्मिक स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है।

यादव ने जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव में ‘श्री परशुराम-श्रीकृष्ण लोक’ का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन किया।

जानापाव, विंध्याचल पर्वत श्रृंखला की सुरम्य पहाड़ियों पर स्थित है जहां खासकर मॉनसून के मौसम में पर्यटकों का तांता लगा रहता है।

भूमिपूजन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि जानापाव की धरती भगवान परशुराम और भगवान कृष्ण से जुड़े गौरवशाली इतिहास की साक्षी है तथा राज्य सरकार ‘श्री परशुराम-श्रीकृष्ण लोक’ के निर्माण के माध्यम से सनातन संस्कृति के इस स्वर्णिम अध्याय को जीवंत करेगी।

यादव ने हिंदुओं की धार्मिक मान्यताओं का हवाला देते हुए कहा कि जानापाव वह पवित्र स्थान है, जहां भगवान परशुराम ने भगवान कृष्ण को सुदर्शन चक्र प्रदान किया था।

उन्होंने कहा,‘‘भगवान कृष्ण और भगवान राम ने मध्यप्रदेश में जहां-जहां अपने चरण रखे थे, उन सभी स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा।'

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दल कांग्रेस पर सामाजिक विद्वेष फैलाने और जातियों के बीच झगड़े पैदा करने के आरोप लगाया और कहा कि ऐसे तीर्थ स्थलों के विकास से सामाजिक सद्भाव कायम रहेगा।

यादव ने राज्य में धार्मिक पर्यटन बढ़ने का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2022 के दौरान जहां करीब 70 लाख लोग उज्जैन आते थे, वहीं पिछले साल आठ करोड़ श्रद्धालु इस धार्मिक नगरी में पहुंचे और इस साल यह आंकड़ा 10 करोड़ के ऊपर जा रहा है।

महू की विधायक उषा ठाकुर ने बताया कि जानापाव में बन रहे ‘श्री परशुराम-श्रीकृष्ण लोक’ में भगवान परशुराम द्वारा भगवान कृष्ण को सुदर्शन चक्र भेंट करने और भगवान कृष्ण द्वारा इस अस्त्र को स्वीकार करने की घटना को दर्शाया जाएगा।

ठाकुर ने कहा कि इस परियोजना को वर्ष 2028 के दौरान उज्जैन में लगने वाले सिंहस्थ मेले से जुड़े कार्यों में शामिल किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत वाली ‘श्री परशुराम-श्रीकृष्ण लोक’ परियोजना में यज्ञ कुंडों का पुनर्विकास, भव्य सभागार, ध्यान कुटीर, उद्यान, बहुउद्देश्यीय भवन, रोप-वे और अन्य पर्यटक सुविधाओं का विस्तार शामिल है।

भाषा हर्ष संतोष

संतोष