Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने विश्वास की कमी को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया

इंफाल, चार सितंबर (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने समुदायों के बीच विश्वास की कमी को दूर करने और युवा पीढ़ी के लिए शांतिपूर्ण माहौल तैयार करने के लिए सामूहिक प्रयासों का शुक्रवार को आह्वान किया।

सिंह ने यह टिप्पणी कांगपोकपी जिले के एल चंफाई गांव में एक जल आपूर्ति परियोजना का निरीक्षण करने के दौरान की।

उन्होंने गांव के प्रमुख से सरकारी अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का सुचारू रूप से पालन करने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आग्रह किया।

बाद में, सिंह ने जिले के लीमाखोंग स्थित क्रिश्चियन सेंटर गिरिजाघर में एक सार्वजनिक संवाद कार्यक्रम में भाग लिया।

बातचीत के दौरान, सिंह ने इस बात पर गहरा दुख व्यक्त किया कि संकट के कारण लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े और वे वापस लौटने में असमर्थ हैं।

उन्होंने याद किया कि मैतेई और कुकी दोनों समुदायों के आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों (आईडीपी) के साथ बातचीत के दौरान, सभी ने अपने-अपने घर लौटने की इच्छा व्यक्त की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संकट ने दोनों समुदायों के लोगों को एक जैसा दर्द और दुख पहुंचाया है।

उन्होंने सभी से, जो कुछ भी हुआ उसे 'भूलने और माफ करने' की अपील की और समुदायों के बीच विश्वास की कमी को दूर करने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।

युवा पीढ़ी के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सिंह ने लोगों से हिंसा का सामूहिक रूप से त्याग करने और युवाओं के लिए एक शांतिपूर्ण माहौल बनाने की दिशा में काम करने का आग्रह किया।

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश