तिरुवनंतपुरम, चार सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य कुम्मनम राजशेखरन ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम. ए. बेबी, कंथापुरम अबूबकर मुसलियार की कथित महिला-विरोधी टिप्पणियों का विरोध करने के बजाय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को निशाना बना रहे हैं।
बेबी ने बृहस्पतिवार को इस्लामी विद्वान मुसलियार की उन टिप्पणियों की आलोचना की, जिनमें महिलाओं की सार्वजनिक स्थानों पर मौजूदगी पर प्रतिबंध लगाने की वकालत की गई थी। उन्होंने कहा कि इसी तरह के विचार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा भी व्यक्त किए जाते हैं।
राजशेखरन ने कहा कि अगर बेबी मुसलियार की टिप्पणियों से असहमत थे, तो उन्हें खुले तौर पर अपनी असहमति जाहिर करने का साहस दिखाना चाहिए था। इसके बजाय, वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खिलाफ “सरेआम झूठ” फैला रहे हैं और तथ्यों के विपरीत आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब केरल के समाज में मुसलियार के कथित महिला-विरोधी रुख को लेकर तीखी आलोचना हो रही थी, तब बेबी इस मुद्दे का सीधे तौर पर विरोध करने में असमर्थ होने के कारण विवाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को घसीटने की कोशिश कर रहे थे।
राजशेखरन ने कहा, “इस कदम को अल्पसंख्यक वोटों को साधने के उद्देश्य से की जा रही तुष्टीकरण की राजनीति के हिस्से के रूप में देखा जाना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि कथित महिला-विरोधी टिप्पणियों पर स्पष्ट रुख अपनाए बिना राजनीतिक हितों के लिए इस मुद्दे को भटकाना उचित नहीं है।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश