Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

बंगाल : खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी के दौरान खाने-पीने की 1,525 जगहों पर खामियां पाई

कोलकाता, चार सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो-दिवसीय निरीक्षण अभियान के दौरान राज्य में 1,525 खाद्य प्रतिष्ठानों में बड़ी अनियमितताएं पाईं और कई रेस्तरां, मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने शुक्रवार को मध्य कोलकाता के पॉश पार्क स्ट्रीट इलाके में सात मशहूर रेस्तरां में छापेमारी की और उनके खाद्य पदार्थों एवं शीत भंडारण प्रणाली की जांच की।

अधिकारियों ने बुधवार को इस अभियान के पहले दिन खाने-पीने की 906 और दूसरे दिन 824 जगहों का दौरा किया। उन्हें कुल 1,730 जगहों में से 1,525 जगहों पर अलग-अलग तरह की खामियां मिलीं।

एक अधिकारी ने बताया कि पिछले दो दिनों में 13 रेस्तरां सील किए गए और पांच अन्य के लाइसेंस रद्द कर दिए गए। इसी के साथ 17 अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।

उन्होंने बताया कि जांच के लिए राज्य के अलग-अलग हिस्सों से कुल 901 खाद्य नमूने एकत्र किए गए।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिण 24 परगना जिले में सबसे अधिक खामियां पाई गईं, जहां 215 स्थानों पर खाद्य सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन होता पाया गया। इनमें से 153 मामले डायमंड हार्बर में सामने आए, जो हुगली नदी के किनारे बसा एक बड़ा शहर है।

अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के बाद जाने-माने कई प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश