Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

कुवैत में फंसी महिला ने बचाए जाने की गुहार लगाई, उत्पीड़न का आरोप

कल्लाकुरिची (तमिलनाडु), चार सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले की रहने वाली एक घरेलू सहायिका ने कुवैत से संकटकालीन संदेश (एसओएस) वाला वीडियो भेजकर अपने नियोक्ताओं पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। महिला ने जान का खतरा बताते हुए भारतीय अधिकारियों से सुरक्षित बाहर निकालने की अपील की है।

तीन महीने पहले एक रोजगार एजेंट के जरिए कुवैत गई यह महिला व्यापक रूप से प्रसारित वीडियो में एक तंग कमरे में दिख रही है।

महिला ने आरोप लगाया कि उसे 50 से अधिक दिनों से उचित भोजन नहीं दिया गया है और पिछले दो महीनों से वेतन भी नहीं मिला है।

वीडियो में महिला ने हाथ जोड़कर कहा, 'वे मुझे प्रताड़ित कर रहे हैं और मेरे साथ बहुत क्रूरता से पेश आ रहे हैं... मैं जिलाधिकारी मैडम (जे ई पद्मजा) और पुलिस अधीक्षक मैडम (शहनाज आई) से अनुरोध करती हूं कि वे मुझे किसी तरह जीवित बचाएं और मेरी मातृभूमि वापस लौटने में मेरी मदद करें।'

उसने रोते हुए कहा, 'कृपया मुझे बचाएं और किसी तरह वापस ले जाएं। मैं इसे सहन करने में असमर्थ हूं। मुझे डर है कि वे मुझे मार डालेंगे।'

एक अन्य वीडियो में महिला की मां (जिसकी पहचान वेन्निला के रूप में हुई है) ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की।

मां ने आरोप लगाया कि एक रोजगार एजेंट ने काम की परिस्थितियों को लेकर परिवार को गुमराह किया था। उन्होंने बताया कि दो बच्चों की मां उनकी बेटी कुवैत में गंभीर संकट में है।

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश