Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

मिजोरम: पटरियों के नजदीक मिट्टी के कटाव से रेलगाड़ियों की आवाजाही प्रभावित

गुवाहाटी, चार सितंबर (भाषा) असम में भारी बारिश के बाद रेल पटरियों के नजदीक मिट्टी के कटाव के कारण मिजोरम जाने वाली रेलगाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। यहां जारी एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई।

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) ने बताया कि असम में जमिरा और मिजोरम में बैराबी के बीच प्रभावित इलाके में मरम्मत का काम शुरू हो गया है और कई रेलगाड़ियों को या तो रद्द कर दिया गया है या फिर उन्हें बीच में ही रोक दिया गया है।

एनएफआर द्वारा जारी बयान के मुताबिक तीन सितंबर की शाम को हुई भारी बारिश के कारण कटाखाल-बैराबी खंड पर असम के जमिरा और मिजोरम के बैराबी के बीच रेल पटरी के नजदीक मिट्टी के कटाव से यातायात प्रभावित हुआ है।

बयान के मुताबिक मिट्टी के कटाव के कारण लगभग 70 मीटर रेल पटरी प्रभावित हुई हैं जहां तक सड़क से सीधे नहीं पहुंचा जा सकता, इसलिए मरम्मत कार्य में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

एनएफआर के मुताबिक रद्द की गई रेलगाड़ियों में गुवाहाटी-सायरंग एक्सप्रेस, सिलचर-बैराबी एक्सप्रेस, सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस और बैराबी-सिलचर एक्सप्रेस शामिल हैं। इन सभी को चार सितंबर को अपनी यात्रा शुरू करनी थी।

बयान के मुताबिक पांच सितंबर से अपनी यात्रा शुरू करने वाली सिलचर-सायरंग एक्सप्रेस और सायरंग-सिलचर एक्सप्रेस भी रद्द कर दी गई हैं।

एनएफआर ने बताया कि चार सितंबर को रवाना होने वाली सारयंग -गुवाहाटी एक्सप्रेस हैलाकांडी से चलेगी और आइजोल के पास सायरंग और असम के हैलाकांडी के बीच रद्द रहेगी।

बयान के मुताबिक चार सितंबर को अपने गंतव्य को रवाना होने वाली सायरंग-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस भी हैलाकांडी से चलेगी और सायरंग से हैलाकांडी के बीच रद्द रहेगी।

भाषा धीरज नरेश

नरेश