Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के पास नौका खराब होने के बाद 38 लोगों को बचाया गया

मुंबई, तीन सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के पास बृहस्पतिवार को समुद्र के बीच एक नौका का इंजन खराब हो जाने के बाद पुलिस और एक स्थानीय नाव संचालक ने 34 यात्रियों समेत 38 लोगों को सुरक्षित बचा लिया।

पुलिस ने बताया कि यह घटना रात करीब 8:30 बजे हुई। आधे घंटे की समुद्री सैर कराने वाली ‘अनवारी’ नौका गेटवे ऑफ इंडिया लौट रही थी, तभी तट से करीब 1.5 समुद्री मील दूर उसका इंजन खराब हो गया।

नौका में 34 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे।

पुलिस नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलने के बाद कांस्टेबल अभिजीत शिंदे और अन्य पुलिसकर्मियों ने आसपास के क्षेत्र में चल रही अन्य नौकाओं के बारे में जानकारी जुटाई।

पुलिस अधिकारियों को जानकारी मिली कि एक अन्य समुद्री सैर कराने वाली नौका ‘आजाद हिंद’ फंसी हुई नौका के पास थी। इसके बाद अधिकारियों ने उसके मालिक जुनैद मुल्ला से संपर्क किया और मदद मांगी।

‘आजाद हिंद’ मौके पर पहुंची और ‘अनवारी’ को सुरक्षित खींचकर रात करीब 9:30 बजे गेटवे ऑफ इंडिया की जेट्टी नंबर दो तक ले आई।

अधिकारी ने बताया कि सभी 34 यात्रियों और चालक दल के चार सदस्यों को बिना किसी चोट के सुरक्षित किनारे पर उतार लिया गया।

भाषा तान्या रंजन

रंजन