Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

बहुराष्ट्रीय शिविर और जापान में प्रशिक्षण से एशियाई खेलों के लिए भारतीय मुक्केबाज होंगे तैयार

पटियाला, तीन सितंबर (भाषा) भारतीय मुक्केबाज इस महीने होने वाले एशियाई खेलों से पहले यहां नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनएसएनआईएस) में बहुराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। इसके बाद टीम आठ सितंबर को जापान के नागोया में प्रशिक्षण के लिए रवाना होगी।

इस बहुराष्ट्रीय शिविर में ईरान और डोमिनिकन गणराज्य के मुक्केबाज भी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता जूनियर अल्कांतारा (51 किग्रा) और क्रिस्टियन पिनालेस (80 किग्रा) भी शामिल हैं।

राष्ट्रीय शिविर में दूसरी रैंकिंग वाले मुक्केबाज भी शामिल हैं। शिविर के बाद भारतीय खिलाड़ी नौ सितंबर से जापान के नागोया में शुरू होने वाले प्रशिक्षण शिविर के लिए रवाना होंगे।

जापान में प्रशिक्षण के बाद एशियाई खेलों के लिए चुनी गई टीम सीधे निर्धारित टीम होटल पहुंचेगी जबकि बाकी मुक्केबाज भारत लौट आएंगे।

राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सचिन सिवाच ने पीटीआई से कहा, ‘‘हम एशियाई खेलों के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वहां मुकाबला काफी कड़ा होगा लेकिन हमारी तैयारी अच्छी चल रही है।’’

एशियाई खेलों की शुरुआत 19 सितंबर से होगी। भारतीय मुक्केबाजी टीम ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में पिछले महीने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड 10 पदक जीते थे जिनमें सात स्वर्ण पदक शामिल थे।

भाषा सुधीर

सुधीर