Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

मिजोरम: 11.4 करोड़ रुपये की मेथामफेटामीन गोलियां जब्त, म्यांमा का नागरिक गिरफ्तार

आइजोल, तीन सितंबर (भाषा) मिजोरम पुलिस और प्रवर्तन एजेंसियों ने अलग-अलग अभियानों के दौरान 11.4 करोड़ रुपये मूल्य की मेथामफेटामीन गोलियों के साथ-साथ सूखी सुपारी की एक बड़ी खेप और 630 लीटर से अधिक देसी शराब जब्त की है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस बयान के अनुसार, स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी), जिला विशेष शाखा (डीएसबी) और सेरछिप पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी-विशेष शाखा) की एक संयुक्त टीम ने बुधवार को सेरछिप जिले के तुईचांग पुल के पास संदिग्ध मेथामफेटामीन गोलियों का 14.26 किलोग्राम की एक खेप जब्त की, जिसमें लगभग 1.5 लाख गोलियां शामिल थीं।

बयान में कहा गया कि 11.4 करोड़ रुपये मूल्य की इस प्रतिबंधित सामग्री को म्यांमा के फालम निवासी लालपानलियाना के पास से बरामद किया गया।

एनसीबी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मेथामफेटामीन, जिसे 'मेथ' या 'क्रिस्टल मेथ' भी कहा जाता है, एक ऐसा मादक पदार्थ है जिसकी लत बहुत जल्दी लगती है।

बयान में कहा गया कि बृहस्पतिवार तड़के एक अन्य अभियान में ख्वाजोल पुलिस ने ख्वाजोल जिले के चांगत्लाई गांव के बाहरी इलाके के पास एक ट्रक से सूखी सुपारी की 180 बोरियां जब्त कीं। इनमें से प्रत्येक का वजन लगभग 80 किलोग्राम और कुल कीमत 36 लाख रुपये है।

सुपारी की इस खेप और वाहन को कानूनी कार्रवाई के लिए चंफाई स्थित सीमा शुल्क निवारक बल को सौंप दिया गया है।

पुलिस ने यह भी बताया कि सोमवार को लुंगलेई डीएसबी द्वारा स्थानीय सतर्कता समूह की मदद से लुंगलेई जिले के हौरुआंग में चलाए गए अभियान के दौरान दो व्यक्तियों के पास से 633.3 लीटर देसी शराब जब्त की गई।

भाषा सुमित माधव

माधव