Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

कुकी विधायक का मणिपुर के हर हिस्से में भोजन, दवाइयां, ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह

इंफाल, तीन सितंबर (भाषा) कुकी समुदाय की विधायक किमनेओ हाओकिप हैंगशिंग ने बृहस्पतिवार को मणिपुर सरकार से राज्य के हर हिस्से में आवश्यक वस्तुओं, भोजन, दवाइयों और ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

कुकी बहुल कांगपोकपी जिले के लोगों को हो रही कठिनाइयों के बारे में विधानसभा में हैंगशिंग ने कहा कि वह समुदायों के बीच शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और स्थिति को सामान्य बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करती हैं।

उन्होंने कहा, 'मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह के कुशल नेतृत्व में सभी समुदायों के बीच शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और सामान्य स्थिति वापस लाने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे ईमानदार प्रयासों की मैं सराहना करती हूं।'

कुकी पीपुल्स एलायंस की इस विधायक ने निर्दलीय विधायक हाओखोलेट किपगेन के साथ बुधवार को मणिपुर विधानसभा के सत्र में हिस्सा लिया था। मई 2023 में राज्य में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से व्यक्तिगत रूप से विधानसभा सत्र में भाग लेने वाले वे पहले कुकी विधायक बन गए हैं।

हाओकिप ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से जारी संघर्ष के कारण कुकी-जो समुदाय के कई छात्र सफर के दौरान सुरक्षा संबंधी चिंताओं की वजह से प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल नहीं हो पाए हैं।

उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि केंद्र सरकार की नौकरियों की परीक्षाओं के लिए कांगपोकपी जिला मुख्यालय में परीक्षा केंद्र बनाए जाएं।

विधायक ने सरकार से पूरे राज्य में आवश्यक वस्तुओं, भोजन, दवाइयों और ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।

उन्होंने कहा, 'विभिन्न संगठनों और समुदायों द्वारा की गई नाकेबंदी के कारण साइकुल विधानसभा क्षेत्र में पिछले साढ़े तीन महीने से भी अधिक समय से आवश्यक वस्तुओं और जीवन रक्षक दवाओं की आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी हुई है।'

भाषा सुमित नरेश

नरेश