Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

कांग्रेस ने असम में रायजोर दल के साथ संबंध समाप्त किये जाने की घोषणा की

गुवाहाटी, तीन सितंबर (भाषा) असम में विपक्षी दल कांग्रेस ने अखिल गोगोई के नेतृत्व वाले रायजोर दल के साथ सभी संबंध समाप्त करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की।

कांग्रेस ने इसके लिए ‘‘गठबंधन की मर्यादा के उल्लंघन” को कारण बताया।

पार्टी ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई के निर्देश पर लिया गया यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

पार्टी ने बताया कि इस संबंध में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के महासचिव (संगठन) रमन्ना बरुआ द्वारा हस्ताक्षरित एक परिपत्र बुधवार को जारी किया गया।

कांग्रेस ने कहा कि उसने पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले अखिल भारतीय वामपंथी दलों और रायजोर दल समेत कई क्षेत्रीय दलों के साथ चुनावी गठबंधन किया था और इसका उद्देश्य “सांप्रदायिक ताकतों” के खिलाफ एकजुट विपक्ष पेश करना था।

इसने आरोप लगाया, ‘‘हालांकि इस अवधि के दौरान रायजोर दल का नेतृत्व लगातार कांग्रेस पार्टी के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण प्रचार और चरित्र हनन में लगा रहा, जिससे गठबंधन के नियमों और मर्यादा का उल्लंघन हुआ।’’

कांग्रेस ने आरोप लगाया, ‘‘कई मौकों पर रायजोर दल के नेतृत्व ने विपक्षी गठबंधन में शामिल अन्य घटक दलों के नेताओं के खिलाफ बेबुनियाद, अनुचित और अपमानजनक टिप्पणियां कीं।’’

कांग्रेस ने कहा कि गठबंधन की मर्यादा का उल्लंघन करने वाले इस तरह के आचरण को देखते हुए रायजोर दल के साथ राजनीतिक संबंध बनाए रखना अब संभव नहीं है।

बयान के अनुसार, ‘‘पार्टी ने कहा कि इस गठबंधन को समाप्त करने के बावजूद कांग्रेस अपनी प्रतिबद्धताओं पर अडिग है। इसने अपने संकल्प को दोहराया कि वह जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और मौजूदा भाजपा सरकार को जनविरोधी कार्रवाइयों, अन्यायपूर्ण नीतियों और कुशासन के लिए सख्ती से जवाबदेह ठहराती रहेगी।’’

रायजोर दल के नेतृत्व की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

कांग्रेस और रायजोर दल पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान छह दलों वाले विपक्षी गठबंधन का हिस्सा थे। कांग्रेस और रायजोर दल ने 126 सदस्यीय विधानसभा में क्रमशः 19 और दो सीट जीती थीं।

भाषा

देवेंद्र मनीषा

मनीषा