Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

पटना के मसौढ़ी में सरकारी स्कूल की शिक्षिका का खून से लथपथ शव घर में मिला

पटना, तीन सितंबर (भाषा) बिहार की राजधानी पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल की 46 वर्षीय शिक्षिका का खून से लथपथ शव उनके घर से बरामद हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

यह घटना पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-29 की है। मृतका की पहचान मसौढ़ी के एक सरकारी माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है।

मसौढ़ी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-1) राघव दयाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “बुधवार दोपहर मृतका के परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। आशंका है कि उनकी मौत मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात हुई, हालांकि मृत्यु का सही समय अभी स्पष्ट नहीं है।”

उन्होंने बताया कि मृतका के पति इंजीनियर हैं और उनकी तैनाती गया जिले में है। शिक्षिका अपने बेटे और बेटी के साथ रहती थीं, लेकिन शव मिलने से एक दिन पहले दोनों बच्चे अपनी नानी के घर गए हुए थे।

एसडीपीओ ने बताया कि शव खून से लथपथ अवस्था में मिला और सिर तथा कान के पास किसी धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, लेकिन परिजनों से अभी तक लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।

दयाल ने कहा, “प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के कारणों का स्पष्ट पता जांच के बाद ही चल सकेगा।”

भाषा कैलाश

मनीषा

मनीषा