Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

अन्ना हजारे की तबीयत में सुधार, दो दिन और अस्पताल में रहने की सलाह: सहयोगी

मुंबई, तीन सितंबर (भाषा) गुर्दे में संक्रमण के कारण मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की हालत में सुधार हो रहा है तथा उन्हें दो दिन और चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा। उनके करीबी सहयोगी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

हजारे (89) को सोमवार रात को दक्षिण मुंबई स्थित बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी रक्त जांच की रिपोर्ट में गुर्दे में संक्रमण के संकेत मिलने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था।

उनके करीबी सहयोगी ने बताया, ‘‘हजारे को गुर्दे में संक्रमण के इलाज के लिए मुंबई लाया गया। उनकी हालत में सुधार हो रहा है, लेकिन वह अभी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हुए हैं। डॉक्टरों ने बताया है कि उन्हें दो दिन और अस्पताल में रहना होगा।’’

उन्होंने बताया कि हजारे की तबीयत में सुधार हो रहा है और अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें अधिक आराम करने की सलाह दी है।

सहयोगी के अनुसार, हजारे डॉक्टर की सलाह के मुताबिक नियमित रूप से भोजन कर रहे हैं। बुधवार को उनके सहयोगियों को बताया गया था कि उन्हें निगरानी के लिए बॉम्बे अस्पताल में दो दिन और भर्ती रखा जाएगा। अब उनके पूरी तरह स्वस्थ होने तक अस्पताल में रहने की अवधि बढ़ा दी गई है।

मंगलवार को कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. गौतम भंसाली ने बताया था कि हजारे की हालत स्थिर है और वह धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं।

भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलनों के लिए पहचाने जाने वाले हजारे को अहिल्यानगर जिले में उनके पैतृक गांव रालेगण सिद्धि से मुंबई लाया गया था। इससे पहले उनका इलाज स्थानीय चिकित्सा केंद्र में किया गया था।

हजारे को पिछले सप्ताह अहिल्यानगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था। हालांकि, गुर्दे में संक्रमण पाए जाने के बाद उन्हें इलाज के लिए मुंबई लाया गया।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार शाम मुंबई के अस्पताल में हजारे से मुलाकात की और उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली।

सेना में सेवा देने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता बने हजारे को पद्म भूषण से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने पिछले कई वर्षों में ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने, सरकारी कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए कई आंदोलनों का नेतृत्व किया है।

भाषा गोला वैभव

वैभव