Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

मद्महेश्वर घाटी में भूस्खलन से मोरखंडा नदी का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाई

रुद्रप्रयाग, दो सितंबर (भाषा) उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जिले की मद्महेश्वर घाटी में बनतोली के समीप बुधवार को भूस्खलन होने से मोरखंडा नदी का जलस्तर बढ़ गया जिसके बाद प्रशासन ने नदी किनारे क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, शाम को मद्महेश्वर मार्ग पर बनतोली के समीप भूस्खलन से नदी का जलस्तर बढ़ने की सूचना मिली जिसके बाद मंदाकिनी के जलस्तर में भी वृद्धि की आशंका को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क किया है।

जिला प्रशासन ने बताया कि उखीमठ के समीप कुंड में रीन्यू जल विद्युत परियोजना के अधिकारियों को भी स्थिति से अवगत करा दिया गया है।

आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग तथा नगर पंचायत तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि एवं उखीमठ के अधिशासी अधिकारियों को भी स्थिति की जानकारी दी गई है।

संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नदी किनारे एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर रहने वाले तथा आवागमन करने वाले लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, जलस्तर बढ़ने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना देने की अपील की है।

भाषा सं दीप्ति शफीक

शफीक