Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

भाजपा ने पंजाब में तबादलों में घोटाले का आरोप लगाया, मान के इस्तीफे की मांग

नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब में अधिकारियों के तबादले और पदस्थापना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच का रास्ता साफ करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान से तत्काल पद से इस्तीफा देने की बुधवार को मांग की।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि पंजाब में ‘‘तबादले के लिए नकदी’’ का घोटाला मान के इशारे पर चल रहा है।

भाजपा के इस आरोप पर पंजाब सरकार या सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

भाटिया ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद पंजाब पुलिस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही है ताकि इसमें शामिल लोगों को बचाया जा सके। उन्होंने आरोपों की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की।

भाटिया ने कहा, ‘‘पंजाब में तबादला-पदस्थापना घोटाला चल रहा है। वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के तबादले और पदस्थापना एक रेट कार्ड के अनुसार किए जाते हैं। मामले में प्रवर्तन निदेशालय की जांच के दौरान ये तथ्य सामने आए हैं।’’

उन्होंने घोटाले में मान के ओएसडी (विशेष कार्य अधिकारी) के शामिल होने का भी आरोप लगाया।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘क्या किसी ओएसडी (विशेष कार्य अधिकारी) के पास 20 से अधिक आईएएस और आईपीएस अधिकारियों का तबादला-पदस्थापन करने की शक्ति है और वह भी मुख्यमंत्री भगवंत मान की जानकारी के बिना? यह असंभव है। मुख्यमंत्री की अनुमति के बिना ऐसा संभव नहीं है।’’

भाटिया ने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि भगवंत मान तत्काल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दें। भगवंत मान के इस्तीफे के बाद ही इस मामले की निष्पक्ष जांच संभव है।’’ उन्होंने आरोपों की सीबीआई जांच की भी मांग की।

भाटिया ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के समक्ष अपने हलफनामे में पेश किए गए ‘‘तथ्यों’’ से पता चलता है कि ‘‘बिचौलियों और दलालों’’ के मोबाइल फोन में व्हाट्सऐप पर गोपनीय दस्तावेज, तबादलों और पदस्थापन की मसौदा सूचियां तथा भविष्य में लागू की जाने वाली सरकारी नीतियों की मसौदा सूचियां मिली हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली वाले भ्रष्टाचार के मॉडल को पंजाब में दोहराने का मामला है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल दोनों इस घोटाले के सरगना हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली की जनता ने आप को करारा जवाब दिया। जल्द ही पंजाब में चुनाव होंगे और जनता भगवंत मान को भी दंडित करेगी।’’

भाषा अमित रंजन

रंजन