Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

जम्मू की सड़कों पर लौटी टाकरी लिपि; डोगरी में सूचना फलक लगाने की पहल की शुरुआत

जम्मू, एक सितंबर (भाषा) जम्मू नगर निगम (जेएमसी) द्वारा डोगरी भाषा और उसकी पारंपरिक 'टाकरी' लिपि को बढ़ावा देने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों, तिराहों और सार्वजनिक स्थलों पर डोगरी भाषा के सूचना फलक (साइनबोर्ड) लगाए जा रहे हैं, ताकि यह भाषा शहर के दैनिक सार्वजनिक जीवन का हिस्सा बन सके।

इस कदम का उद्देश्य डोगरी भाषा की दृश्यता को बढ़ाना और युवा पीढ़ी को डुग्गर प्रदेश की भाषाई विरासत से फिर से जोड़ना है। नगर निकाय की योजना इस पहल का विस्तार शहर के अन्य हिस्सों, आवासीय कॉलोनियों और मोहल्लों तक करने की है।

जम्मू नगर निगम के संयुक्त आयुक्त कुलभूषण खजूरिया ने कहा, 'जेएमसी ने शहर भर के प्रमुख चौराहों, तिराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सूचना फलक (साइन बोर्ड) लगाकर डोगरी और पारंपरिक टाकरी लिपि को बढ़ावा देने की पहल शुरू की है।'

जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एसीईओ) का प्रभार भी संभाल रहे खजूरिया ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जम्मू की भाषाई और सांस्कृतिक विरासत को सहेजना तथा युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना है।

अधिकारी ने बताया कि शहर के 24 से अधिक प्रमुख स्थानों पर डोगरी भाषा के सूचना फलक लगाए जा चुके हैं, जबकि बाजारों और आवासीय कॉलोनियों सहित अन्य 40 इलाकों को ऐसे ही बोर्ड लगाने के लिए चिह्नित किया गया है।

राजधानी शहर के सभी प्रमुख चौराहों के अलावा, जम्मू हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और कुछ धार्मिक स्थलों पर भी टाकरी लिपि वाले साइनबोर्ड लगाए गए हैं।

यह परियोजना जेएमसी आयुक्त देवांश यादव के मार्गदर्शन में 'स्याणा नागरिक मदद सेवा संस्था' के अनुरोध के बाद शुरू की गई है। संस्था ने उपयुक्त स्थानों पर लगाने के लिए डोगरी सूचना फलक भी उपलब्ध कराए हैं।

भाषा सुमित रंजन

रंजन