Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

मप्र : उधारी वसूलने के लिए महिला और उसकी बेटी के अपहरण का प्रयास, चार गिरफ्तार

देवास, एक सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के देवास जिले में 30,000 रुपये के कर्ज की सूद समेत वसूली के लिए एक व्यक्ति से मारपीट और उसकी पत्नी तथा नाबालिग बेटी के अपहरण के प्रयास के आरोप में एक साहूकार और उसके तीन साथियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बच्चों की तबीयत खराब होने के कारण शाजापुर जिले के निवासी हसीब उर्फ रहमान से 30,000 रुपये उधार लिए थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार वह अब तक 60,000 रुपये वापस कर चुका था, लेकिन इसके बावजूद हसीब उससे 1.50 लाख रुपये मांग रहा था।

कन्नौद के थाना प्रभारी तहजीब काजी ने बताया कि रकम देने से मना करने पर हसीब ने शिकायतकर्ता की पत्नी और उसकी 10 वर्षीय बेटी को कथित तौर पर अगवा करने तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।

उन्होंने बताया कि इस धमकी के कारण शिकायतकर्ता शुजालपुर छोड़कर कन्नौद में किराये के मकान में रहने लगा था।

काजी के मुताबिक 30 अगस्त की रात हसीब अपने तीन साथियों-आशिक, आरिफ और अशोक के साथ शिकायतकर्ता के किराये के मकान में पहुंचा और उससे 1.50 लाख रुपये की मांग की।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा पहले ही रकम लौटाने की बात कहने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपियों ने शिकायतकर्ता के परिजनों के साथ भी मारपीट की और उसकी पत्नी व नाबालिग बेटी को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार में सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से तीन चाकू और घटना में इस्तेमाल कार जब्त की गई है।

भाषा

हर्ष रवि कांत