Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

नागेंद्र के इस्तीफे की भाजपा की मांग अब ‘भ्रष्ट’ कांग्रेस सरकार को हटाने का अभियान : विजयेंद्र

रायचूर (कर्नाटक), एक सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस नेता बी नागेंद्र को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग को लेकर उनकी पार्टी की पदयात्रा अब ‘‘भ्रष्ट’’ कांग्रेस सरकार के खिलाफ अभियान में बदल जाएगी और सरकार के कार्यकाल के अंत तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र ने कहा कि पार्टी की यह पदयात्रा पहले मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के मंत्रिमंडल से तत्कालीन मंत्री नागेंद्र को हटाने की मांग को लेकर आयोजित की गई थी, लेकिन अब यह कांग्रेस सरकार के खिलाफ व्यापक अभियान का रूप लेगी।

रायचूर से बल्लारी तक लिंगसुगुर से शुरू होने वाली भाजपा की 10 दिवसीय पदयात्रा से पहले संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि नागेंद्र के इस्तीफे से भाजपा का आंदोलन समाप्त नहीं होगा।

नागेंद्र ने अपने ऊपर कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम में 89 करोड़ रुपये के कथित घोटाले में संलिप्तता के विपक्ष के आरोपों के बीच 28 अगस्त को राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।

विजयेंद्र ने कहा, ‘‘भाजपा की पदयात्रा 10 सितंबर को समाप्त नहीं होगी। इस भ्रष्ट, गरीब विरोधी और जनविरोधी कांग्रेस सरकार के खिलाफ हमारा संघर्ष अगले डेढ़ से दो साल तक (कांग्रेस सरकार का कार्यकाल समाप्त होने तक) जारी रहेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जिस क्षण हमने पदयात्रा की घोषणा की, सरकार ऐसी स्थिति में पहुंच गई जहां उसके पास एक भ्रष्ट मंत्री से इस्तीफा लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। उन्होंने उनका इस्तीफा ले लिया है। इसलिए हमारी पदयात्रा यहीं समाप्त नहीं होगी। हमारा संघर्ष आज से शुरू हो रहा है।’’

विजयेंद्र ने कहा कि भाजपा कांग्रेस सरकार का ‘‘असली चेहरा’’ जनता के सामने उजागर करेगी और कर्नाटक में भाजपा नीत राजग को फिर सत्ता में लाने के लिए काम करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘जब तक इस भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को पूरी तरह उखाड़ नहीं फेंका जाता, हमारा संघर्ष बिना किसी विराम के जारी रहेगा।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता 10 दिवसीय पदयात्रा में शामिल होंगे और दावा किया कि खासकर उत्तर कर्नाटक में पार्टी कार्यकर्ताओं में ‘‘युद्ध जैसा उत्साह’’ है।

इस बीच, भाजपा की सहयोगी जद(एस) ने पदयात्रा से दूर रहने का फैसला किया है।

जद(एस) के विधान परिषद सदस्य टी ए श्रवण ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पदयात्रा भाजपा का कार्यक्रम है। हमने नागेंद्र को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के खिलाफ विधानसभा के भीतर और बाहर उनके आंदोलन का समर्थन किया था। अब हमारा ध्यान कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) में अनियमितताओं पर है।’’

भाषा

मनीषा वैभव

वैभव