Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

हरियाणा में खड़े ट्रक से टकराई गाड़ी, छह तीर्थयात्रियों की मौत

फरीदाबाद, एक सितंबर (भाषा) हरियाणा के पलवल में मंगलवार को कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर एक पिक-अप गाड़ी के सड़क पर खड़े हुए ट्रक से टकराने से छह तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए।

एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा तड़के करीब 4.30 बजे हुआ, जब पिक-अप गाड़ी में सवार लोग राजस्थान में खाटू श्याम मंदिर और राज्य के अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन करके लौट रहे थे और वृंदावन जा रहे थे।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार गाड़ी चालक को झपकी लगने की वजह से यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद चालक मौके से भाग गया और उसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

अधिकारी के अनुसार मरने वालों में तीन महिलाएं थीं।

मृतकों की पहचान विजय (75), राजकुमार (40), रेशमा (45), कमला (65), सुधा (52), और महेश (60) के रूप में हुई है।

घायलों को पलवल के एक अस्पताल ले जाया गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया।

हादसे में मृत और घायल हुए लोग उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले थे।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा