Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

सेवा उत्पादन सूचकांक की आठ उप-श्रेणियों में जून में दहाई अंक की वृद्धि

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) देश में 19 सेवा श्रेणियों में से आठ में जून महीने में दहाई अंक की वृद्धि दर्ज की गई।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) ने 2024-25 को आधार वर्ष मानकर जून, 2026 के लिए 19 उप-क्षेत्रों के सेवा उत्पादन सूचकांक (आईएसपी) जारी किए हैं।

मंत्रालय के बयान के अनुसार, हवाई परिवहन को छोड़कर जून में सभी श्रेणियों में सालाना आधार पर सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई। हवाई परिवहन में छह प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

सेवाओं के उत्पादन सूचकांक (आईएसपी) के अनुसार, जून, 2026 में मजबूत वृद्धि दर्ज करने वाले प्रमुख उप-क्षेत्रों में रियल एस्टेट में 24.7 प्रतिशत, खुदरा व्यापार में 18 प्रतिशत, थोक व्यापार में 15.1 प्रतिशत, प्रशासनिक एवं सहायता सेवाओं में 14.4 प्रतिशत और आईटी एवं कंप्यूटर संबंधी सेवाओं में 13.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

अप्रैल, 2026 के लिए पहला उप-क्षेत्रवार प्रायोगिक आईएसपी 14 जुलाई, 2026 को जारी किया गया था।

मंत्रालय का कहना है कि मासिक आईएसपी को प्रायोगिक आधार पर जारी किया जा रहा है।

बयान के अनुसार, परीक्षण श्रृंखला के प्रकाशन से एमओएसपीआई को आंकड़ों की गुणवत्ता की जांच करने, उनकी विश्वसनीयता को परखने तथा हितधारकों और उपयोगकर्ताओं से प्रतिक्रिया प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

मंत्रालय ने कहा कि रेलवे, बैंकिंग और बीमा उप-क्षेत्रों के सूचकांक अस्थायी मासिक आंकड़ों पर आधारित हैं और इनमें सालाना आधार पर संशोधन किया जाएगा।

भाषा निहारिका अजय

अजय