Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

मप्र: कलेक्टर के सामने स्वास्थ्य अधिकारी नहीं कर पायीं बीपी जांच, शैक्षणिक योग्यता की जांच के आदेश

टीकमगढ़ (मप्र), 31 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान एक सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के रक्तचाप (बीपी) की जांच करने में असमर्थ रहने पर जिलाधिकारी (कलेक्टर) को खुद उन्हें इसकी प्रक्रिया समझानी पड़ी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद सीएचओ की शैक्षणिक योग्यता और अन्य दस्तावेजों की जांच के आदेश दिए गए हैं।

अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी विवेक श्रोत्रिय शनिवार को जन विश्वास अभियान के तहत सापन उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे तथा इस दौरान उन्होंने सीएचओ रितु अहिरवार से एक महिला का रक्तचाप जांचने को कहा।

अधिकारी ने बताया कि अहिरवार ठीक तरीके से बीपी की जांच नहीं कर पाईं और प्रक्रिया में उलझ गईं।

अधिकारी के अनुसार इस पर जिलाधिकारी ने खुद उन्हें बीपी जांचने की तकनीक समझाई और प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।

टीकमगढ़ के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अनुरागी ने बताया कि इस घटना के बाद जिलाधिकारी ने बड़ागांव के प्रखंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) शांतनु दीक्षित को अहिरवार के रिकॉर्ड और शैक्षणिक योग्यता की जांच कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

भाषा सं दिमो राजकुमार

राजकुमार