Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

मणिपुर में मशाल जुलूस के दौरान हिंसा: लोगों ने पथराव किया, सुरक्षाकर्मियों ने आंसू गैस के गोले छोड़े

इंफाल, 31 अगस्त (भाषा) मणिपुर के काकचिंग जिले में जनगणना से पहले राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) को अद्यतन करने की मांग को लेकर निकाले गये मशाल जुलूस के दौरान हिंसा भड़क गयी।

अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके जवाब में सुरक्षाकर्मियों ने आंसू गैस के गोले छोड़े।

अधिकारियों के अनुसार, रविवार रात वाबगई, हियांगलाम और आसपास के इलाकों के सैकड़ों ग्रामीणों ने करीब तीन किलोमीटर लंबा विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने ‘एनआरसी नहीं तो जनगणना नहीं’ के नारे लगाए और आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों (आईडीपी) के पुनर्वास से पहले जनगणना कराने का विरोध किया।

उन्होंने बताया कि जब प्रदर्शनकारी काकचिंग जिला मुख्यालय की ओर बढ़ रहे थे, तो पुलिस ने कीराक बांध क्षेत्र के पास उन्हें रोक दिया और वापस लौटने को कहा।

अधिकारियों के मुताबिक, इसके बाद तनाव बढ़ गया और प्रदर्शनकारियों में से कुछ ने पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने कई आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को मामूली चोटें आईं।

मणिपुर में मई 2023 से इंफाल घाटी में रहने वाले मेइती समुदाय और आसपास की पहाड़ियों में रहने वाले कुकी समुदाय के बीच जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हुए हैं।

भाषा

मनीषा वैभव

वैभव