Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

राजस्थान: भाजपा ने शहरी निकाय चुनाव के उम्मीदवारों पर की चर्चा, गतिरोध से किया इनकार

जयपुर, 30 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को आगामी शहरी निकाय चुनावों को लेकर जयपुर संभाग में उम्मीदवारों के नामों पर विस्तृत चर्चा की और टिकट वितरण को लेकर किसी भी तरह के मतभेद या गतिरोध से इनकार किया।

भाजपा की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि जयपुर और संभाग के अन्य जिलों के उम्मीदवारों के नामों पर विभिन्न स्तरों पर क्रमवार चर्चा की गई।

उन्होंने कहा, ‘‘शनिवार को अलवर संभाग के दो जिलों के उम्मीदवारों पर चर्चा हुई, जबकि रविवार को जयपुर और जयपुर संभाग के सभी जिलों के उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया गया।’’

चतुर्वेदी ने कहा कि उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी में कोई गतिरोध नहीं है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न स्तरों पर कराए गए सर्वेक्षणों, पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मिले सुझावों के आधार पर टिकटों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ने कहा, ‘‘पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद एवं विचार-विमर्श के बाद सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। सभी नामों पर विस्तार से चर्चा के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।’’

पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कहा कि विधायकों, मंत्रियों, पूर्व विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकें की गई हैं तथा उनसे मिली प्रतिक्रिया व सर्वेक्षणों के आधार पर उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

सैनी ने कहा कि भाजपा अपने विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर चुनाव मैदान में उतरेगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी जयपुर को सुरक्षित, स्वच्छ और हरित बनाने के संकल्प के साथ चुनाव लड़ेगी।

सैनी ने कहा कि भाजपा एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और उम्मीदवार पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल करेंगे।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र