Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

ओडिशा सरकार ने धान खरीद के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि सात सितंबर तक बढ़ाई

भुवनेश्वर, 30 अगस्त (भाषा) ओडिशा सरकार ने खरीफ मौसम में धान खरीद प्रक्रिया में शामिल होने के लिए किसानों के पंजीकरण की अंतिम तिथि एक सप्ताह बढ़ाकर सात सितंबर तक कर दी है। एक मंत्री ने रविवार को यह जानकारी दी।

खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री केसी पात्रा ने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों के पंजीकरण के लिए पहले 31 अगस्त तक की समयसीमा तय की थी, जिसे अब बढ़ाकर सात सितंबर कर दिया गया है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें जानकारी मिली है कि बाढ़ और भारी बारिश के कारण कुछ धान किसान अपना पंजीकरण नहीं करा पाए। किसानों के अनुरोध पर हमने अंतिम तिथि सात दिन बढ़ा दी है।’’

पात्रा ने बताया कि कई इलाकों में किसानों को ऑनलाइन सर्वर संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा जिसके कारण उन्हें पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने में दिक्कत हुईं।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने इस समस्या पर तकनीकी टीम के साथ चर्चा की है और तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।’’

मंत्री ने बताया कि अब तक 17 लाख से अधिक किसान सरकार को धान बेचने के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं।

हालांकि, विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) नेता संजय दास बर्मा ने मांग की कि समयसीमा कम से कम 20 दिन बढ़ाई जाए, ताकि छूट गए सभी किसान धान खरीद प्रक्रिया में हिस्सा ले सकें।

भाषा संतोष दिलीप

दिलीप