Breaking News

ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन की शुरुआत, भारत मंडपम पहुंच रहे लीडर     |   सिक्किम के रिम्बी में भारी भूस्खलन, खतरे की जद में आए दो मकान     |   इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर निकला जहाज समंदर में लापता     |   आंध्र प्रदेश में ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर, हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत     |   कुलगाम में आतंकी नेटवर्क पर CIK का शिकंजा, कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी     |  

केपीएससी भर्ती अनियमितता मामले में आईएएस अधिकारी हिरासत में

बेंगलुरु, 30 अगस्त (भाषा) कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) की पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले में अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह घटनाक्रम तब सामने आया जब गंगवार को जांच अधिकारी की ओर से जारी नोटिस के बाद शुक्रवार और शनिवार को सीआईडी अधिकारियों के समक्ष पेश होने के बाद उनसे पूछताछ की गई।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, गंगवार से पूछताछ इसलिए की जा रही थी क्योंकि वह फरवरी 2024 से मार्च 2026 तक कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) में परीक्षा नियंत्रक के पद पर तैनात थे।

सूत्रों ने बताया कि जांच में सहयोग नहीं करने के आरोप में उन्हें हिरासत में लिया गया है।

गंगवार 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) के निदेशक के पद पर कार्यरत हैं।

सीआईडी भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही है। इसमें परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड और ओएमआर शीट के रखरखाव तथा इसमें शामिल अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, सीआईडी आगे की जांच के लिए गंगवार को संबंधित अदालत में पेश कर उनकी हिरासत की मांग कर सकती है।

हाल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से केपीएससी में कथित अनियमितताओं के संबंध में छापेमारी किए जाने के बाद अधिकारी के पता-ठिकाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था।

इसके बाद राज्य के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने कहा था कि गंगवार ने उन्हें बताया था कि वह अपने पिता की तबीयत से जुड़ी पारिवारिक आपात स्थिति के कारण उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक गांव गए थे।

इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने भी इस अधिकारी से जुड़े परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया था।

अधिकारियों के अनुसार, केपीएससी से जुड़ी अनियमितताओं के मामले में सीआईडी और ईडी अलग-अलग जांच कर रहे हैं।

भाषा शोभना रंजन

रंजन