Breaking News

ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन की शुरुआत, भारत मंडपम पहुंच रहे लीडर     |   सिक्किम के रिम्बी में भारी भूस्खलन, खतरे की जद में आए दो मकान     |   इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर निकला जहाज समंदर में लापता     |   आंध्र प्रदेश में ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर, हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत     |   कुलगाम में आतंकी नेटवर्क पर CIK का शिकंजा, कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी     |  

मेरठ में मुख्यमंत्री का पोस्टर और पुतला जलाने की योजना बनाने के आरोप में दो गिरफ्तार

मेरठ, 28 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पोस्टर और पुतला जलाकर शांति एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की योजना बनाने के आरोप में पुलिस ने समाजवादी अधिवक्ता सभा से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने शुक्रवार को जारी एक बयान में बताया कि 27 अगस्त को समाजवादी अधिवक्ता सभा के सदस्यों ने बिना किसी अनुमति के मुख्यमंत्री का पोस्टर जलाने का प्रयास किया था। इसके बाद 27-28 अगस्त की रात सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना मिली कि संगठन के सदस्य दोबारा मुख्यमंत्री का पोस्टर और पुतला जलाने की योजना बना रहे हैं।

बयान के अनुसार, सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस और स्वात टीम नगर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि इस गतिविधि से जनाक्रोश पैदा होने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गंगानगर निवासी सतीश राणा (48) और लिसाड़ी गेट के श्यामनगर निवासी शहजादा मोहम्मद जुफर (30) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।

भाषा

सं, जफर रवि कांत