Breaking News

ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन की शुरुआत, भारत मंडपम पहुंच रहे लीडर     |   सिक्किम के रिम्बी में भारी भूस्खलन, खतरे की जद में आए दो मकान     |   इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर निकला जहाज समंदर में लापता     |   आंध्र प्रदेश में ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर, हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत     |   कुलगाम में आतंकी नेटवर्क पर CIK का शिकंजा, कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी     |  

पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी की सरकार से ‘तंग आ चुकी है’ : नायब सिंह सैनी

(फोटो के साथ)

चंडीगढ़, 28 अगस्त (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कहा कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी (आप) सरकार से “तंग आ चुकी है” और उसने बदलाव का मन बना लिया है।

सैनी ने आरोप लगाया कि ‘आप’ सरकार ने पंजाब को बर्बाद कर दिया है और भ्रष्टाचार के मामले में पिछली कांग्रेस सरकार को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि इसलिए पंजाब की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाने और पंजाब को एक मजबूत, विकसित तथा सुशासित राज्य बनाने का संकल्प लिया है।

सैनी अमृतसर जिले के बाबा बकाला साहिब में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक रैली को संबोधित कर रहे थे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा की पंजाब इकाई के प्रमुख केवल सिंह ढिल्लों और तरुण चुग, सुनील जाखड़, विजय सांपला, अश्वनी शर्मा तथा मनप्रीत बादल समेत भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।

सैनी ने दावा किया कि अगले चुनाव के बाद जब पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी और फिर हरियाणा के सफल जनकल्याणकारी मॉडल को भी राज्य में लागू किया जायेगा।

अपने संबोधन के दौरान चौहान ने पंजाब की सत्तारूढ़ ‘आप’ सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उसने भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस को भी पीछे छोड़ दिया है।

चौहान ने लोगों से कहा कि वे अन्य सभी पार्टियों को आजमा चुके हैं और अब उन्हें भाजपा को एक मौका देना चाहिए। उन्होंने वादा किया कि भाजपा राज्य का कायाकल्प कर देगी।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पंजाब की आस्था, संस्कृति और पवित्र भूमि के सम्मान की रक्षा करते हुए राज्य को विकास और सुशासन के मार्ग पर आगे ले जाने के लिए सभी को एक साथ मिलकर काम करना चाहिए।

सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा की जनता के बीच सदियों पुराना भाईचारा है। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों की संस्कृति, परंपराएं और भावनाएं आपस में गहराई से जुड़ी हुई हैं।

भाषा

देवेंद्र सुभाष

सुभाष