Breaking News

PM आवास प्रोटेस्टः राहुल गांधी और अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया     |   मध्य प्रदेश विधानसभा से पारित हुआ UCC बिल, CM मोहन यादव बोले- ऐतिहासिक पल     |   राहुल-प्रियंका प्रधानमंत्री आवास के करीब धरने पर बैठे, खड़गे समेत कई कांग्रेस सांसद मौजूद     |   सोनम वांगचुक को तुरंत शिफ्ट करें: दिल्ली हाईकोर्ट     |   राहुल गांधी से बात करने के बाद अमित शाह से मिलने पहुंचे जितेंद्र सिंह, गृह सचिव भी साथ     |  

श्रीलंका ए के खिलाफ भारत ए की लाल गेंद श्रृंखला में नबी के प्रदर्शन पर होगी नजर

गॉल, 24 जून (भाषा) तेज गेंदबाज आकिब नबी और भारतीय टेस्ट टीम के कुछ नियमित खिलाड़ी बृहस्पतिवार से यहां शुरू हो रही श्रीलंका ए के खिलाफ लाल गेंद (बहुदिवसीय) की दो मैचों की श्रृंखला में भारत ए के लिए मैदान पर उतरेंगे तो उनके सामने खुद को साबित करने के साथ-साथ चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का भी अच्छा मौका होगा।

जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी जीत में 60 विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन के बावजूद अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए नबी को नहीं चुने जाने पर उनके समर्थकों और विशेषज्ञों ने सवाल उठाए थे।

श्रीलंका की सपाट पिचों पर उनका प्रदर्शन अगर अच्छा रहा, तो चयनकर्ताओं के लिए उन्हें राष्ट्रीय टीम से लंबे समय तक दूर रखना मुश्किल हो सकता है।

भारतीय टीम को भी इस वर्ष श्रीलंका के बाद न्यूजीलैंड में टेस्ट श्रृंखला खेलनी है, जहां की परिस्थितियां नबी की गेंदबाजी के अनुकूल होगी।

तेज गेंदबाज गुरनूर बरार भी टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे में भारत के लिए पदार्पण किया था। वह यहां प्रभाव छोड़ते हैं, तो सीनियर टीम में अपनी जगह बनाए रखने की उनकी संभावना मजबूत हो सकती है।

टीम की कप्तानी विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल के हाथों में होगी। यह श्रृंखला उनके नेतृत्व कौशल के लिए भी अहम मानी जा रही है।

यह श्रृंखला साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल के लिए भी महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज टीम में तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए अपना दावा मजबूत करना चाहेंगे। सुदर्शन अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय एकादश का हिस्सा थे, जबकि पडिक्कल को बाहर बैठना पड़ा था।

अंशुल कंबोज, हर्ष दुबे और रुतुराज गायकवाड़ के पास भी इस श्रृंखला से राष्ट्रीय टीम में अपनी दावेदारी मजबूत करने का अवसर होगा।

भारत ए टीम: ध्रुव जुरेल (कप्तान एवं विकेटकीपर), साई सुदर्शन, आयुष पांडे, देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), रुतुराज गायकवाड़, हर्ष दुबे, सारांश जैन, गुरनूर बरार, आकिब नबी, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, एन जगदीशन (विकेटकीपर), अमन मोखाडे, शेख रशीद और जिशान अंसारी।

भाषा आनन्द मोना

मोना