Breaking News

PM आवास प्रोटेस्टः राहुल गांधी और अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया     |   मध्य प्रदेश विधानसभा से पारित हुआ UCC बिल, CM मोहन यादव बोले- ऐतिहासिक पल     |   राहुल-प्रियंका प्रधानमंत्री आवास के करीब धरने पर बैठे, खड़गे समेत कई कांग्रेस सांसद मौजूद     |   सोनम वांगचुक को तुरंत शिफ्ट करें: दिल्ली हाईकोर्ट     |   राहुल गांधी से बात करने के बाद अमित शाह से मिलने पहुंचे जितेंद्र सिंह, गृह सचिव भी साथ     |  

प्रेमी पर खौलता तेल डालकर हत्या करने के आरोप में महिला गिरफ्तार

लातूर (महाराष्ट्र), 24 जून (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले में संपत्ति विवाद को लेकर अपने प्रेमी पर खौलता तेल डालकर उसकी हत्या करने के आरोप में बुधवार को 45 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) गजानन भातलवंडे ने बताया कि उदगीर तहसील के नवांडी गांव के निवासी उद्धव मारुति दहीकांबले (24) की इस घटना के दस दिन बाद 22 जून को यहां सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, यह घटना 12 जून की दोपहर उदगीर में उद्धव के किराए के मकान में हुई थी।

पति से अलग रह रही विवाहित महिला वंदना मदाले ने कथित तौर पर उस पर खौलता तेल डाल दिया था। शिकायत के मुताबिक, यह हमला दोनों के बीच अवैध संबंधों और उद्धव के हिस्से की जमीन तथा संपत्ति को मदाले के नाम पर स्थानांतरित करने को लेकर जारी विवाद के कारण हुआ था।

युवक की मौत के बाद उदगीर ग्रामीण पुलिस ने महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी महिला को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा सुमित नरेश

नरेश