Breaking News

दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज     |   आज कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगी बीजेपी, राहुल के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन की तैयारी     |   लगातार बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा रोकी गई     |   यूपी भाजपा आज प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर बूथ सम्मेलन आयोजित करेगी     |   सिक्किम लैंडस्लाइड में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 20 हुआ, 5 फंसे लोगों को बचाने की कोशिश जारी     |  

मप्र: इंदौर में खुदाई के दौरान पीएनजी लाइन में विस्फोट, महिला समेत चार लोग झुलसे

इंदौर, 23 जून (भाषा) इंदौर में मंगलवार को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की भूमिगत लाइन के ऊपर चल रही खुदाई के दौरान ड्रिलिंग मशीन के लाइन से टकराने के बाद विस्फोट के साथ आग लगने के कारण एक महिला समेत चार लोग झुलस गए, जबकि दो वाहन जल गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

विजय नगर थाने के उप निरीक्षक अजय सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना साजन नगर कॉलोनी में हुई, जहां नलकूप खनन या जल संरक्षण (वॉटर हार्वेस्टिंग) से जुड़ा काम चल रहा था।

उन्होंने बताया कि ड्रिलिंग मशीन अवंतिका गैस की भूमिगत पीएनजी लाइन से टकरा गई जिससे विस्फोट हुआ और आग लग गई।

सिंह ने बताया कि विस्फोट के समय घटनास्थल से गुजर रहे राहगीर आग की जद में आकर झुलस गए।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि चार घायलों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं तथा उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

सिंह ने बताया कि घायलों में शामिल महिला करीब 20 प्रतिशत झुलसी है, जबकि अन्य लोगों को अपेक्षाकृत कम चोटें आई हैं।

उन्होंने कहा कि घायलों में एक मैकेनिक भी है जिसके हाथ में मामूली चोट लगी है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार घटना में दो वाहन भी जल गए।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया।

सिंह ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पीएनजी लाइन के वॉल्व बंद कर दिए गए जिससे गैस का रिसाव रुक गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।

भाषा हर्ष जितेंद्र

जितेंद्र