Breaking News

दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज     |   आज कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगी बीजेपी, राहुल के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन की तैयारी     |   लगातार बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा रोकी गई     |   यूपी भाजपा आज प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर बूथ सम्मेलन आयोजित करेगी     |   सिक्किम लैंडस्लाइड में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 20 हुआ, 5 फंसे लोगों को बचाने की कोशिश जारी     |  

चिकित्सक बनकर मानवता की सेवा करना चाहता हूं : सीबीएसई के 12 वीं में विज्ञान टॉपर आदित्य

बोकारो, 23 जून (भाषा) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं परीक्षा की उत्तर पुस्तिका के पुनर्मूल्यांकन के बाद विज्ञान संकाय में राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले आदित्य मिश्रा ने मंगलवार को कहा कि वह चिकित्सक बनकर मानवता की सेवा करना चाहते हैं।

आदित्य के पूनर्मूल्यांकन के बाद जीव विज्ञान में तीन अंक बढ़े और इसी के साथ उन्हें शीर्ष पांच विषयों में कुल 500 में से 498 अंक प्राप्त हुए।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे 13 मई को घोषित नतीजों में कुल मिलाकर 99.20 प्रतिशत अंक मिले थे। मुझे जीवविज्ञान में 96 अंक मिले थे, लेकिन मेरे शिक्षकों को लगा कि अंक उम्मीद से कम मिला है। चूंकि मैं नीट (राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा) की तैयारी में व्यस्त था, इसलिए मैंने इस पर ज़्यादा ध्यान नहीं दिया।’’

आदित्य कहा, ‘‘मेरे माता-पिता और शिक्षकों ने उत्तर पुस्तिका के दोबारा जांच करने के लिए आवेदन किया। मुझे तीन अतिरिक्त अंक मिले, जिससे जीवविज्ञान में मेरे कुल 99 अंक हो गए।’’

डीपीएस बोकारो के छात्र आदित्य ने अंग्रेजी, रसायनशास्त्र और चित्रकला में 100-100 अंक हासिल किए, साथ ही भौतिक शस्त्र और जीव विज्ञान में भी 99-99 अंक प्राप्त किए।

आदित्य के एक शिक्षक ने बताया कि उसने कानपुर की छात्रा सोनाक्षी गोयल के साथ विज्ञान संकाय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।

इस बीच, डीपीएस रांची की छात्रा अवनी केजरीवाल ने दावा किया कि पूनर्मूल्यांकन के बाद उसने 12 वीं कक्षा की परीक्षा में वाणिज्य संकाय में 100 प्रतिशत अंक हासिल किए है।

अवनी ने सभी पांच विषयों में कुल 500 में से 500 अंक प्राप्त किये हैं, जिससे वह वाणिज्य संकाय में राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘जब 13 मई को मेरे नतीजे घोषित हुए, तो मुझे कुल मिलाकर 95.2 प्रतिशत अंक मिले थे। मेरे परिवार वाले इन अंकों से संतुष्ट थे, लेकिन मैं नहीं थी।’’

अवनी ने कहा, ‘‘मैं सीबीएसई की वेबसाइट पर पूनर्मूल्यांकन पोर्टल खुलने का इंतज़ार कर रही थी और फिर मैंने आवेदन किया। मुझे पुनर्मूल्यांकन के बाद 500 में से 500 अंक मिले। मैं इस नतीजे से बहुत खुश हूं।’’

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप