Breaking News

काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |   जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ तत्काल सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार     |   जंतर-मंतर पर CJP के प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद     |   राज्यसभा में जोरदार हंगामा, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस     |   दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज     |  

ओडिशा सरकार ने तमिलनाडु गैस त्रासदी पीड़ितों के लिए अनुग्रह राशि बढ़ा कर 10 लाख रुपये की

भुवनेश्वर, 23 जून (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने तमिलनाडु के तिरुवल्लुर में अमोनिया गैस रिसाव की घटना में जान गंवाने वाले राज्य के प्रत्येक श्रमिक के परिजन के लिए मंगलवार को अनुग्रह राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि 21 जून को तमिलनाडु के तिरुवल्लुर जिले में एक निजी समुद्री खाद्य पदार्थ प्रसंस्करण और निर्यात इकाई में अमोनिया गैस लीक होने की घटना में ओडिशा के छह लोगों की मौत हो गई।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा कि माझी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। हालांकि, उन्होंने सोमवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक श्रमिक के निकटतम परिजन को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी, लेकिन मंगलवार को उन्होंने इस राशि को बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया।

ओडिशा के श्रम आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘मंगलवार सुबह क्योंझर जिले की एक और महिला श्रमिक की मौत हो गई, जिससे तमिलनाडु गैस त्रासदी में जान गंवाने वाले ओडिशा के निवासियों की संख्या बढ़ कर छह हो गई है।’’

इस बीच, तमिलनाडु में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि राज्य (ओडिशा) की पांच महिलाओं का पोस्टमार्टम हो चुका है और उनके शवों को मंगलवार शाम या बुधवार सुबह विमान से ओडिशा पहुंचाया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि घटना में जान गंवाने वाली सभी छह महिलाएं क्योंझर जिले की रहने वाली थीं। वे सभी जुआंग समुदाय से थीं, जो 'विशेष रूप से कमजोर आदिवासी समूह' (पीवीटीजी) है।

मुख्य सचिव अनु गर्ग ने कहा, ‘‘ओडिशा सरकार ने अधिकारियों की एक टीम भेजी है, जिसमें श्रम विभाग के एक विशेष सचिव भी शामिल हैं। मैं तमिलनाडु के मुख्य सचिव से संपर्क में हूं। शवों को लाने के लिए हर संभव व्यवस्था की जा रही है।’’

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश