Breaking News

काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |   जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ तत्काल सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार     |   जंतर-मंतर पर CJP के प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद     |   राज्यसभा में जोरदार हंगामा, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस     |   दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज     |  

प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी लड़की

बोकारो (झारखंड), 23 जून (भाषा) झारखंड के बोकारो जिले में मंगलवार को 17 वर्षीय एक लड़की करीब 100 फुट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और जेल में बंद अपने प्रेमी की रिहाई की मांग करने लगी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, लड़की की मां की शिकायत पर उसके प्रेमी (22) को उसका अपहरण करने के आरोप में कुछ दिन पहले गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “लड़की मंगलवार सुबह गोमिया के ढेंढे गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और उसकी मांग पूरी नहीं होने पर कूदने की धमकी दे रही है। वह पास के ललपनिया क्षेत्र की निवासी है।”

उन्होंने कहा कि उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं।

ललपनिया थाना प्रभारी जयप्रकाश एक्का ने बताया कि लड़की की मां ने 18 जून को शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें उसकी बेटी को उसके प्रेमी द्वारा अगवा किए जाने का आरोप लगाया गया था।

उन्होंने बताया कि इसके बाद दोनों के रांची के सुखदेवनगर इलाके में होने का पता लगाया गया। इसके बाद लड़की को मुक्त कराकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी रांची का निवासी है और फिलहाल तेनुघाट जेल में बंद है।

भाषा मनीषा प्रचेता नरेश

नरेश