Breaking News

राम मंदिर का पूरा धार्मिक कार्यभार अयोध्या के पांच संतों को सौंपा जाएगा     |   पटना, जयपुर और भोपाल समेत अलग-अलग शहरों में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन     |   सरकार आश्वस्त करे तो मैं अनशन खत्म करूंगा: सोनम वांगचुक     |   NEET प्रोटेस्ट के बीच विजयवाड़ा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प     |   काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |  

अरुणाचल पुलिस ने 34.33 करोड़ रुपये के निवेश घोटाले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तारी किया

ईटानगर, 22 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के नाहरलगुन में पुलिस ने जाली सरकारी दस्तावेजों के इस्तेमाल तथा नेताओं एवं नौकरशाहों से संपर्क के झूठे दावे के आधार पर 34.33 करोड़ रुपये के कथित निवेश धोखाधड़ी मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ़्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान असम के गुवाहाटी के 41 वर्षीय ऋषिराज बोरकोटोकी के तौर पर हुई है तथा उसे 20 जून को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, पांच मोबाइल फोन और लगभग 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की एक शानदार कार जब्त की गयी।

नाहरलगुन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. न्येलम नेगा ने बताया कि राजेश अग्रवाल की शिकायत पर बांदरदेवा थाने में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पांच जून को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच का जिम्मा उपनिरीक्षक कोज टाडा को सौंपा गया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने निवेशक को असम में प्रस्तावित ‘एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल’ (ईएनए) बनाने वाली परियोजना में पैसे लगाने के लिए मनाया।

एसपी ने बताया कि आरोपी ने खुद को एक आर्थिक रूप से प्रभावशाली व्यापारी के तौर पर पेश किया, जिसकी सरकारी और राजनीतिक हलकों में अच्छी-खासी जान-पहचान थी।

उन्होंने कहा, ‘‘शिकायतकर्ता का भरोसा जीतने के लिए उसने कथित तौर पर केंद्रीय वित्त मंत्रालय के तहत राजस्व विभाग और कैबिनेट सचिव के कार्यालय से जारी किए गए नकली दस्तावेज दिखाए।’’

इन दावों को सच मानकर, शिकायतकर्ता ने कथित तौर पर कुल 34.33 करोड़ रुपये से अधिक की रकम अंतरित की।

भाषा राजकुमार संतोष

संतोष