Breaking News

राम मंदिर का पूरा धार्मिक कार्यभार अयोध्या के पांच संतों को सौंपा जाएगा     |   पटना, जयपुर और भोपाल समेत अलग-अलग शहरों में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन     |   सरकार आश्वस्त करे तो मैं अनशन खत्म करूंगा: सोनम वांगचुक     |   NEET प्रोटेस्ट के बीच विजयवाड़ा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प     |   काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |  

झारखंड में पिछले 24 घंटों में आकाशीय बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत

रांची, 22 जून (भाषा) झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं और 10 साल की एक बच्ची शामिल है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि खूंटी जिले में चार और रामगढ़ में दो लोगों की मौत हुई जबकि लोहरदगा, देवघर, जामताड़ा, साहिबगंज और गिरिडीह जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। खूंटी जिले में रविवार को अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि खूंटी जिले के मारंगहाडा थाना क्षेत्र के देव मैदान के पास बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जब वे पास के जंगल की ओर जा रहे थे। मृतकों में 16 साल का एक लड़का और 42 साल का एक व्यक्ति, सुखराम मुंडा शामिल थे।

पुलिस के अनुसार एक अन्य घटना में, कर्रा थाना क्षेत्र के पात्राटोली गांव में क्रिकेट खेलते समय बिजली गिरने से 22 साल के प्रेम बखाला की मौत हो गई और तीन अन्य लोग झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए रांची के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

लोहरदगा जिले के कैरो गांव में सोमवार को बिजली गिरने से 35 साल की महिला रेखा देवी की मौत हो गई।

बरहरवा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी नितिन खंडेलवाल ने बताया, ‘‘साहिबगंज जिले में बिजली गिरने से 10 साल की बच्ची पोरायनी हेम्ब्रम की मौत हो गई। बच्ची उस समय एक पेड़ के नीचे खेल रही थी।'

देवघर में, एक पेड़ के नीचे शरण लेने के दौरान बिजली गिरने से मुंद्रिका देवी (30) की मौत हो गई। यह घटना मोहनपुर पुलिस स्टेशन इलाके के बसबुटिया गांव में हुई।

अधिकारियों के अनुसार रामगढ़ जिले में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। 49 वर्षीय महिला मानसी देवी की खेत में काम करते समय बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं एक अन्य घटना में गोला प्रखंड के डुंडीगाछी गांव के 68 वर्षीय व्यक्ति की बिजली गिरने से मौत हो गई।

भाषा अविनाश नरेश

नरेश