Breaking News

राम मंदिर का पूरा धार्मिक कार्यभार अयोध्या के पांच संतों को सौंपा जाएगा     |   पटना, जयपुर और भोपाल समेत अलग-अलग शहरों में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन     |   सरकार आश्वस्त करे तो मैं अनशन खत्म करूंगा: सोनम वांगचुक     |   NEET प्रोटेस्ट के बीच विजयवाड़ा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प     |   काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |  

शादी का दबाव डालने से परेशान युवती और उसके माता-पिता ने आत्महत्या की

मैसुरु (कर्नाटक), 22 जून (भाषा) कर्नाटक के मैसूरु में एक व्यक्ति ने 21 वर्षीय युवती पर कथित तौर पर विवाह करने का दबाव बनाया जिससे तंग आकर युवती और उसके माता-पिता ने सोमवार को आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रक्षिता, उसकी मां नागरत्ना (44) और पिता शिवन्ना (54) के रूप में हुई है।

पुलिस ने कहा कि तीनों ने केम्पेनाहुंडी गांव में अपने घर में कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या की।

पुलिस के अनुसार उन्होंने एक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें मौत के लिए उल्लास गौड़ा नामक व्यक्ति को दोषी बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक रक्षिता की किसी दूसरे व्यक्ति से सगाई हुई थी और 24 जून को उसकी शादी होनी थी।

युवती ने सुसाइड नोट में लिखा है कि गौड़ा ने उसके समक्ष विवाह का प्रस्ताव रखा था लेकिन उसने माता-पिता की मौजूदगी में प्रस्ताव खारिज कर दिया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सगाई होने के बावजूद गौड़ा रक्षिता से विवाह के लिए उसके माता-पिता पर दबाव डालता रहा।

अधिकारी ने बताया कि 21 जून को युवती के माता-पिता ने गौड़ा को अपने घर बुलाकर चेतावनी दी। पुलिस ने कहा कि इसके बावजूद गौड़ा नहीं माना, जिससे तंग आकर रक्षिता और उसके माता-पिता ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने कहा कि गौड़ा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है और वह घटना के बाद से फरार है।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश