Breaking News

राम मंदिर का पूरा धार्मिक कार्यभार अयोध्या के पांच संतों को सौंपा जाएगा     |   पटना, जयपुर और भोपाल समेत अलग-अलग शहरों में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन     |   सरकार आश्वस्त करे तो मैं अनशन खत्म करूंगा: सोनम वांगचुक     |   NEET प्रोटेस्ट के बीच विजयवाड़ा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प     |   काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |  

सीतापुर और रायबरेली में सपा प्रमुख के खिलाफ लगी 'आपत्तिजनक' होर्डिंग, प्राथमिकी दर्ज करने की मांग

सीतापुर/रायबरेली (उप्र), 22 जून (भाषा) सीतापुर और रायबरेली में सोमवार को कई स्थानों पर समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर और होर्डिंग लगाये गये। इस मामले में कार्रवाई के लिये पुलिस से शिकायत की गयी है।

धौरहरा से सपा के सांसद आनंद भदौरिया ने सीतापुर के पुलिस अधीक्षक को दी गयी लिखित शिकायत में कहा है कि सीतापुर शहर में कई स्थानों पर सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तस्वीर लगाकर उनके विरुद्ध आपत्तिजनक बातें लिखी गयी हैं।

भदौरिया ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक को दी गयी तहरीर में कहा है कि पार्टी प्रमुख के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखी होर्डिंग लगाये जाने से सपा के कार्यकताओं तथा आम जनता की भावनाएं आहत हुई हैं और इसे लेकर कार्यकताओं में आक्रोश है।

उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक से प्रकरण की जांच कराकर समाज में द्वेष फैलाने वाली होर्डिंग लगवाने वालों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करने का आग्रह किया गया है।

होर्डिंग में सपा प्रमुख पर जातिवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए ‘‘लाल टोपी, साइकिल निशान। यादववाद इनकी पहचान’’ जैसी बातें लिखी गयी हैं। हालांकि इन होर्डिंग पर इन्हें लगवाने वाले संगठन या व्यक्ति का नाम नहीं लिखा है।

इस बीच, रायबरेली में भी शहर के सिविल लाइंस चौराहे, सारस होटल चौराहे, जीजीआईसी के गेट के पास व बस स्टैण्ड मार्ग समेत कई स्थानों पर ऐसी ही होर्डिंग लगायी गयीं।

पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र यादव की अगुवाई में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करके दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की मांग की है।

यादव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को दी गयी तहरीर में कहा गया कि सपा प्रमुख के खिलाफ आपत्तिजनक बातों वाली होर्डिंग जगह-जगह लगाया जाना कुत्सित मंशा का प्रतीक है, लिहाजा मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जानी चाहिये।

बछरावां सीट से सपा विधायक श्याम सुंदर भारती ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग ज्वलंत मुद्दों से आम जनता का ध्यान भटकाने के लिये सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की लोकप्रियता पर प्रहार कर रहे हैं।

भाषा सं. सलीम

धीरज

धीरज