Breaking News

राम मंदिर का पूरा धार्मिक कार्यभार अयोध्या के पांच संतों को सौंपा जाएगा     |   पटना, जयपुर और भोपाल समेत अलग-अलग शहरों में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन     |   सरकार आश्वस्त करे तो मैं अनशन खत्म करूंगा: सोनम वांगचुक     |   NEET प्रोटेस्ट के बीच विजयवाड़ा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प     |   काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |  

गोवा कांग्रेस ने हिरासत में दुर्व्यवहार को लेकर पांच पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की

पणजी, 22 जून (भाषा) कांग्रेस की गोवा इकाई ने पुलिस हिरासत में एक नाबालिग सहित चार व्यक्तियों के साथ दुर्व्यवहार में कथित तौर पर शामिल पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की सोमवार को मांग की।

पार्टी का आरोप है कि इन लोगों को थाने के अंदर यौन कृत्य करने के लिए मजबूर किया गया था।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अमित पालेकर ने पत्रकारों से कहा कि यह घटना दक्षिण गोवा के मायना-कुडतरी थाने में छह जून को उस वक्त हुई जब दो समूहों के बीच झड़प के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था तथा एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया था।

उन्होंने बताया कि यद्यपि पुलिस विभाग ने उप-निरीक्षक संकेत नाइक और गौरव नाइक तथा कांस्टेबल चेतन कोली, समीर सुधीर और पुंडलिक पारिट को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए निलंबित कर दिया है, लेकिन पार्टी ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आलोक कुमार से मुलाकात के दौरान उन सभी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है।

पालेकर ने दावा किया, ‘‘आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ गोवा बाल अधिनियम और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए। ऐसा आरोप है कि उन्होंने पीड़ितों को पुलिस हिरासत में यौन कृत्य करने के लिए मजबूर किया था।’’

कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने पणजी स्थित पुलिस मुख्यालय में डीजीपी से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में पालेकर, सामिल वोल्वोइकर, महिला इकाई की प्रमुख प्रतीक्षा खलप और प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अर्चित नाइक शामिल थे।

नाइक ने कहा कि यदि थाने असुरक्षित हो जाएंगे तो पार्टी अपने हाथ में कानून लेने को मजबूर हो जाएगी।

इस मुद्दे पर डीजीपी की प्रतिक्रिया लेने के कई प्रयास किए गए, लेकिन वह उपलब्ध नहीं हो सके।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश