Breaking News

राम मंदिर का पूरा धार्मिक कार्यभार अयोध्या के पांच संतों को सौंपा जाएगा     |   पटना, जयपुर और भोपाल समेत अलग-अलग शहरों में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन     |   सरकार आश्वस्त करे तो मैं अनशन खत्म करूंगा: सोनम वांगचुक     |   NEET प्रोटेस्ट के बीच विजयवाड़ा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प     |   काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |  

अपराह्न दो बजे के मुख्य समाचार

नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से सोमवार को अपराह्न दो बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:-

प्रादे48 : राजस्थान सी सेक्शन जोधपुर

कोटा और बीकानेर के बाद, जोधपुर में आठ महिलाओं को सर्जरी से प्रसव के पश्चात गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं

जोधपुर, जोधपुर के जिला अस्पताल में ऑपरेशन से प्रसव के बाद आठ महिलाओं को गुर्दा फेल होने समेत कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो गईं। राजस्थान में इससे पहले भी इस तरह का मामला सामने आ चुका है।

दि3 : दिल्ली कॉजपा प्रदर्शन

कॉजपा के प्रदर्शनकारी लगातार तीसरे दिन जंतर-मंतर पर डटे

नयी दिल्ली, परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शनकारी सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी जंतर-मंतर पर अपना धरना जारी रखे हुए हैं।

प्रादे22 : तमिलनाडु गैस रिसाव मृतक संख्या

तमिलनाडु गैस रिसाव हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हुई

तिरुवल्लूर (तमिलनाडु), तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक निजी ‘फिश मील’ निर्यात कारखाने की उत्पादन इकाई में हुए अमोनिया गैस रिसाव हादसे में तीन और महिलाओं की मौत हो गई है जिसके बाद मृतकों की संख्या पांच हो गई है। राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से सोमवार को यह जानकारी दी गई।

प्रादे34 : ओडिशा राज्यसभा चुनाव अध्यक्ष

ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष ने 11 विधायकों को अयोग्य ठहराने की बीजद और कांग्रेस की याचिका खारिज की

भुवनेश्वर, ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस की उन याचिकाओं को खारिज कर दिया है, जिनमें 16 मार्च को हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग करने के आरोपी उनके 11 विधायकों को अयोग्य घोषित करने का अनुरोध किया गया था।

प्रादे42 : तमिलनाडु मुख्यमंत्री जन्मदिन

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय 52 वर्ष के हुए, मोदी और राहुल समेत कई नेताओं ने शुभकामनाएं दीं

चेन्नई, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत प्रदेश के विभिन्न नेताओं ने उन्हें शुभकामनायें दी ।

प्रादे17 : महाराष्ट्र परिषद चुनाव परिणाम

महाराष्ट्र एमएलसी चुनाव: नासिक में बागी उम्मीदवार ने शिवसेना प्रत्याशी को हराया

मुंबई, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बागी उम्मीदवार गोकुल गीते ने सोमवार को बड़ा उलटफेर करते हुए महाराष्ट्र विधान परिषद की नासिक जिला स्थानीय निकाय क्षेत्र की सीट पर जीत दर्ज की जहां उन्होंने सत्तारूढ़ शिवसेना के उम्मीदवार नरेंद्र दराडे को पराजित किया।

वि14 : कांगो इबोला

कांगो में इबोला का प्रकोप: संक्रमितों का आंकड़ा 1,003 पहुंचा, अब तक 254 लोगों की मौत

बुनिया (कांगो), पूर्वी कांगो में फैले इबोला संक्रमण के पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 1,003 हो गई है, जिनमें 254 मौतें शामिल हैं। अधिकारियों ने रविवार देर रात जारी एक बयान में यह जानकारी दी।

प्रादे45 : बंगाल अरूप पुलिस

मेस्सी के कार्यक्रम में अनियमितताओं के मामले में तृणमूल नेता अरूप विश्वास पुलिस के समक्ष पेश

कोलकाता, पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस नेता अरूप विश्वास फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी से जुड़े एक कार्यक्रम में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में सोमवार को दूसरी बार बिधाननगर पुलिस के समक्ष पेश हुए।

वि10 : अमेरिका भारत रक्षा

अमेरिका ने भारत के अपाचे हेलीकॉप्टरों, एम777ए2 होवित्जर तोपों की सेवा संबंधी बिक्री को अधिसूचित किया

वाशिंगटन, अमेरिका ने भारत के अपाचे हेलीकॉप्टरों और एम777ए2 अल्ट्रा-लाइट होवित्जर तोपों के लिए रख-रखाव सहायता सेवाओं तथा संबंधित उपकरणों की प्रस्तावित बिक्री को औपचारिक रूप से अधिसूचित कर दिया है, जिसकी अनुमानित लागत 48.22 करोड़ अमेरिकी डॉलर है।

अर्थ14 : प.बंगाल बजट

प.बंगाल की भाजपा सरकार ने पेश किया पहला बजट; डीए में 20 प्रतिशत वृद्धि, एक लाख रिक्तियां भरने का वादा

कोलकाता, पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने अपने पहले बजट में राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 20 प्रतिशत की वृद्धि, सभी प्रमुख सामाजिक योजनाओं को जारी रखने और एक लाख सरकारी रिक्तियों को भरने का वादा किया।

अर्थ15 : महाराष्ट्र विस अनुपूरक मांगें

महाराष्ट्र सरकार ने पेश की 97,706 करोड़ की अनुपूरक मांगें, खजाने पर 74,817 करोड़ रुपये का बोझ

मुंबई, महाराष्ट्र सरकार ने 97,706.40 करोड़ रुपये की अनुपूरक मांगें विधानसभा में सोमवार को पेश कीं। इसमें कृषि ऋण माफी योजना के लिए 20,552 करोड़ रुपये शामिल हैं। इससे राज्य के खजाने पर 74,817.66 करोड़ रुपये का शुद्ध अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

खेल9 : खेल बैडमिंटन भारत

यूएस ओपन सुपर 300 में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे लक्ष्य और तन्वी

फुलर्टन (अमेरिका), अनुभवी खिलाड़ी लक्ष्य सेन और उभरती हुई स्टार तन्वी शर्मा मंगलवार से यहां शुरू होने वाले यूएस ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की चुनौती की अगुवाई करेंगे।

खेल11 : खेल फुटबॉल कप न्यूजीलैंड सुरमन

सुरमन ने कहा, यह वास्तव में शानदार गोल था

वैंकूवर, न्यूजीलैंड के डिफेंडर फिन सुरमन ने मिस्र के खिलाफ विश्व कप में 3-1 से मिली हार में पहला गोल दागकर स्कोरशीट में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और बाद में इसे शानदार गोल करार दिया।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा