Breaking News

राम मंदिर का पूरा धार्मिक कार्यभार अयोध्या के पांच संतों को सौंपा जाएगा     |   पटना, जयपुर और भोपाल समेत अलग-अलग शहरों में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन     |   सरकार आश्वस्त करे तो मैं अनशन खत्म करूंगा: सोनम वांगचुक     |   NEET प्रोटेस्ट के बीच विजयवाड़ा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प     |   काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |  

अमेरिका के दो वरिष्ठ अधिकारी श्रीलंका दौरे पर

कोलंबो, 22 जून (भाषा) अमेरिका के दो वरिष्ठ अधिकारी अलग-अलग दौरों के लिए श्रीलंका पहुंचे हैं और इन दौरों का मकसद रक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना है। रणनीतिक रूप से अहम हिंद महासागर क्षेत्र में स्थित श्रीलंका के साथ अमेरिका के बढ़ते संबंधों के बीच यह दौरा हो रहा है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यहां अमेरिकी दूतावास ने बताया कि पैसिफिक एयर फोर्सेस के कमांडर जनरल केविन श्नाइडर रविवार को श्रीलंका पहुंचे और उनका तीन दिन का दौरा 24 जून को खत्म होगा।

दूतावास ने यह भी बताया कि दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के सहायक विदेश मंत्री पॉल कपूर भी रविवार को तीन दिन के दौरे पर कोलंबो पहुंचे।

ये दौरे हिंद महासागर क्षेत्र में बढ़ती भूराजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच अहम माने रहे हैं, जहां चीन ने हाल के वर्षों में बुनियादी संरचना में निवेश और समुद्री क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ाई है।

अमेरिका अपनी व्यापक हिंद-प्रशांत रणनीति के तहत श्रीलंका समेत इस क्षेत्र के देशों के साथ रक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सहयोग को गहरा करने की कोशिश कर रहा है।

अमेरिकी मिशन के अनुसार, अपनी यात्रा के दौरान श्नाइडर श्रीलंका सरकार और रक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलेंगे, जिनमें रक्षा मंत्रालय और श्रीलंका वायु सेना के अधिकारी शामिल हैं।

दूतावास ने कहा, ‘‘बातचीत में हवाई और समुद्री क्षेत्र की जानकारी, साइबर सुरक्षा, आपदा के समय मदद और क्षेत्रीय सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित होगा।’’

अपनी यात्रा के दौरान कपूर सुरक्षा सहयोग और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करने के लिए श्रीलंका के वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगे।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा