Breaking News

राम मंदिर का पूरा धार्मिक कार्यभार अयोध्या के पांच संतों को सौंपा जाएगा     |   पटना, जयपुर और भोपाल समेत अलग-अलग शहरों में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन     |   सरकार आश्वस्त करे तो मैं अनशन खत्म करूंगा: सोनम वांगचुक     |   NEET प्रोटेस्ट के बीच विजयवाड़ा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प     |   काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |  

'बेस्ट' कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल वापस ली, मुंबई में बस सेवाएं फिर शुरू होंगी

मुंबई, 21 जून (भाषा) बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं यातायात (बेस्ट) के कर्मचारियों ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और बेस्ट संगठनों के बीच हुई बैठक के बाद रविवार रात अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

हड़ताल की वजह से पिछले तीन दिनों से पूरे मुंबई में बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं, जिससे यात्रियों को लोकल ट्रेन, मेट्रो सेवाओं, टैक्सी और ऑटो-रिक्शा पर निर्भर रहना पड़ा।

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, विधायक सचिन अहीर और मुर्जी पटेल, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की आयुक्त अश्विनी भिड़े, बेस्ट की महाप्रबंधक सोनिया सेठी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने यहां सह्याद्रि अतिथि गृह में हुई बैठक में हिस्सा लिया।

शिंदे ने घोषणा की कि समझौते के तहत जब तक वेतन को लेकर नया समझौता नहीं हो जाता तब तक बेस्ट कर्मचारियों को हर महीने 3,000 रुपये की अंतरिम वेतन वृद्धि मिलेगी, जबकि संविदा कर्मचारियों को तब तक हर महीने 2,000 रुपये मिलेंगे।

उन्होंने बेस्ट प्रशासन को यह भी निर्देश दिया कि कर्मचारियों की बकाया 'ग्रेच्युटी' का भुगतान चालू वित्त वर्ष में ही कर दिया जाए और हड़ताल खत्म होने के तुरंत बाद बस सेवाएं फिर से शुरू की जाएं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अगले तीन साल में 5,000 इलेक्ट्रिक बसें खरीदकर और चरणबद्ध तरीके से जरूरी वित्तीय प्रावधान कर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेगी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि बेस्ट प्रशासन की प्रस्तावित पुनरुद्धार योजना जल्द ही राज्य सरकार को सौंपी जाएगी और मंजूरी के लिए कैबिनेट के सामने रखी जाएगी।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता सचिन अहीर ने कहा कि बसें जल्द ही शहर की सड़कों पर लौटेंगी। अहीर 'बेस्ट' कर्मचारी संगठनों की संयुक्त कार्य समिति के समन्वयक हैं।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश