मुंबई, 21 जून (भाषा) ‘ऑपरेशन टाइगर’ के ज़रिए शिवसेना (उबाठा) के लोकसभा सदस्यों में फूट पड़ने के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि यह ‘‘ऑपरेशन’’ सफल रहा है।
वहीं, उपमुख्यमंत्री और शिवसेना अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ने कहा कि वह कभी भी कोई ऑपरेशन अधूरा नहीं छोड़ते।
उद्धव ठाकरे खेमे से लोगों को तोड़ने के मकसद से चलाए गए ‘‘ऑपरेशन टाइगर’’ पर पूछे गए सवालों के जवाब में फडणवीस ने कहा, ‘‘यह ऑपरेशन सफल रहा है और संगठन की स्थिति बहुत अच्छी है। किसी को भी चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। जिन्हें आत्ममंथन करने की ज़रूरत है, उन्हें ऐसा करना चाहिए।’’
फडणवीस के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शिंदे ने कहा कि वह अधूरे ऑपरेशन नहीं करते।
उन्होंने कहा, ‘‘जब भी मैं कोई ऑपरेशन शुरू करता हूँ, तो उसे पूरा करता हूँ। हमने यह पहले भी करके दिखाया है।’’
जब शिंदे से ‘ऑपरेशन टाइगर’ के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ‘‘आपको जल्द ही ‘ब्रेकिंग न्यूज़’ मिलेगी। सांसदों के साथ बदसलूकी की जाती है और फिर आप (ठाकरे गुट) उन्हें वापस चाहते हैं। इसमें कोई ‘केमिकल लोचा’ है।’’
सांसद संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख, संजय जाधव, भाऊसाहेब वाकचौरे, नागेश पाटिल-अष्टीकर और ओमप्रकाश राजे निंबालकर 17 जून को दिल्ली में शिवसेना (उबाठा) संसदीय दल की बैठक में शामिल नहीं हुए, जिससे अटकलें तेज हो गईं कि वे एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में जा रहे हैं।
शिवसेना (उबाठा) के नौ लोकसभा सदस्य हैं और बागी गुट को दल-बदल रोधी कानून के तहत अयोग्य घोषित होने से बचने के लिए कम से कम छह सांसदों- यानी कुल संख्या के दो-तिहाई की ज़रूरत है।
रविवार को, शिवसेना (उबाठा) के छह बागी सांसदों में से कम से कम दो ने पुष्टि की कि वे शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं।
भाषा नेत्रपाल नरेश
नरेश