Breaking News

राम मंदिर का पूरा धार्मिक कार्यभार अयोध्या के पांच संतों को सौंपा जाएगा     |   पटना, जयपुर और भोपाल समेत अलग-अलग शहरों में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन     |   सरकार आश्वस्त करे तो मैं अनशन खत्म करूंगा: सोनम वांगचुक     |   NEET प्रोटेस्ट के बीच विजयवाड़ा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प     |   काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |  

जहां योग से तपा हुआ शरीर है, वहां न रोग है, न बीमारी : योगी

झांसी/लखनऊ, 21 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है तथा रोग, बीमारियों और समय से पहले आने वाले बुढ़ापे से बचाव संभव है।

उन्होंने लोगों से योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने झांसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई किले में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखकर जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। स्वस्थ शरीर ही व्यक्ति को शिक्षा, श्रम, कृषि, विज्ञान और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में सफलता दिला सकता है।’’ योगी ने कहा कि योग शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है और स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मस्तिष्क व स्वस्थ बुद्धि का आधार है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ छात्र, शिक्षक, किसान, श्रमिक, वैज्ञानिक और नागरिक ही समाज तथा राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि योग को वैश्विक पहचान दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया के लगभग 200 देश योग से जुड़ चुके हैं और इस वर्ष की थीम ‘बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग’ लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की दिशा दिखाती है।

योगी ने आयुष पद्धति के महत्व पर भी बल देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मस्तिष्क और स्वस्थ आत्मा का आधार संतुलित जीवनशैली है।

उन्होंने कहा कि आयुष प्रणाली का लाभ जितना अधिक लोग उठाएंगे, उतना ही यह व्यक्ति और देश दोनों के लिए हितकारी सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने भारतीय ऋषि परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परंपरा प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने 21 जून के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह वर्ष का सबसे लंबा दिन होता है और सूर्य से प्राप्त ऊर्जा जीवन को शक्ति प्रदान करती है।

योगी ने कहा, ‘‘21 जून को सबसे लंबे समय तक सूर्य का सानिध्य प्राप्त होता है। सूर्य हमारी जीवंतता के प्रतीक हैं। जो व्यक्ति और वनस्पति सूर्य के अधिक संपर्क में रहते हैं, उनमें अधिक ऊर्जा और क्षमता दिखाई देती है। सूर्य हम सबके जीवन और चेतना का आधार हैं।’’

उन्होंने कहा कि योग दिवस का उद्देश्य इसी सकारात्मक ऊर्जा को आत्मसात कर स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन की ओर बढ़ना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की सभी 57 हजार ग्राम पंचायतों, 825 विकास खंड मुख्यालयों, 350 तहसीलों और 762 नगर निकायों में योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि प्रदेश के हर हिस्से में लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया।

कार्यक्रम में विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने महराजगंज में योगाभ्यास किया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘करें योग, रहें निरोग। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली का आधार भी है।’’

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सतत प्रयासों से योग ने विश्व मंच पर भारत की सांस्कृतिक पहचान को नई प्रतिष्ठा प्रदान की है।

मौर्य ने इस अवसर पर त्रिवेणी संगम तट पर आयोजित योग शिविर में योगदान देने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि योग केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है।

उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी योग दिवस के अवसर पर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इटावा में ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने योगाभ्यास में भाग लिया।

देवरिया में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, ग्राम विकास राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी और सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बलिया में परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह की उपस्थिति में पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में सामूहिक योगाभ्यास का कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कुशीनगर, कौशांबी, अमेठी, लखीमपुर खीरी और हापुड़ सहित अन्य जिलों में भी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने योगाभ्यास किया।

उत्तर प्रदेश के प्रथम खेल विश्वविद्यालय, मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन परिसर सलावा में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, योग साधकों, ग्राम प्रतिनिधियों और श्रमिकों सहित 453 प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।

भाजपा सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने कहा कि योग दिवस लोगों को उनकी सेहत के महत्व की याद दिलाने का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी से अपील करती हूं कि वे योग को अपनी जीवनशैली का नियमित हिस्सा बनाएं और स्वस्थ रहें।’’

प्रदेश भर में आयोजित कार्यक्रमों में योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान संबंधी अभ्यास कराए गए।

वक्ताओं ने योग को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और सामाजिक समरसता का प्रभावी माध्यम बताते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र