Breaking News

संभल हिंसा के मुख्य आरोपी मोहम्मद वारिस पर योगी सरकार ने रासुका के तहत लिया एक्शन     |   पेपर लीक की फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई, पीएम मोदी का बड़ा ऐलान     |   ईरान पर अमेरिका ने हमले तेज करने के लिए B-1 बॉम्बर तैनात किया     |   पाकिस्तानी आवाम को बड़ा झटका, पेट्रोल और डीजल फिर हुआ महंगा     |   ईरान: शालमचेह बॉर्डर क्रॉसिंग पर अमेरिकी हवाई हमले में दो की मौत     |  

सरकारी भर्ती परीक्षाओं में योग से जुड़े सवाल होंगे अनिवार्य: सैनी

चंडीगढ़, 21 जून (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को घोषणा की कि अगले शैक्षणिक सत्र से तीसरी से नौवीं कक्षा तक के पाठ्यक्रम में योग को शामिल किया जाएगा और राज्य सरकार की भर्ती परीक्षाओं में भी यह अनिवार्य विषय होगा।

सैनी ने कहा कि राज्य सरकार की नीति में योगासन को एक खेल विधा के रूप में भी शामिल किया जाएगा।

सैनी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आगामी शैक्षणिक सत्र में तीसरी से नौवीं कक्षा तक सभी कक्षाओं के पाठ्यक्रम में योग को शामिल किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मौजूदा शैक्षणिक सत्र में आठवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में योग को पहले ही शामिल किया जा चुका है।

सैनी ने घोषणा की, ‘‘हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग और हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं में योग से जुड़े प्रश्नों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। इसके लिए परीक्षा नीति में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।’’

उन्होंने इस अवसर पर सैकड़ों प्रतिभागियों के साथ विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए।

सैनी ने कहा कि पंचकूला जिले के मोरनी में प्राकृतिक चिकित्सा और योग को समर्पित एक राज्यस्तरीय संस्थान स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में स्थापित किए जा रहे पांच ‘उत्कृष्टता केंद्रों’ में भी योग को एक प्रमुख घटक के रूप में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में खेल विभागों का नाम बदलकर ‘खेल एवं योग विभाग’ किया जाएगा और राज्य की नीति में योगासन को एक खेल विधा माना जाएगा।

भाषा

सिम्मी रंजन

रंजन