सुलतानपुर (उप्र), 20 जून (भाषा) सुलतानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र में शनिवार को कुड़वार-हलियापुर मार्ग पर दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर होने पर एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल युवक की ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृतकों की पहचान इस्माइलपुर वल्लीपुर निवासी शैलेन्द्र कुमार (20) और इब्राहिमपुर निवासी शहीम (22) के रूप में हुई। शहीम को गंभीर हालत में डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया था जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, घायलों में इस्माइलपुर वल्लीपुर निवासी अरुण कुमार (23) और इब्राहिमपुर निवासी फैजान (21) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बल्दीराय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ प्रतीत होता है। पुलिस दोनों वाहनों की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
बल्दीराय के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशुतोष कुमार ने बताया कि एक युवक की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि दूसरे की लखनऊ ले जाते समय मौत हुई है।
भाषा सं आनन्द शफीक
शफीक