कुरुक्षेत्र, 20 जून (भाषा) हरियाणा पुलिस ने 30 वर्षीय एक कैंसर मरीज के साथ थाने में मारपीट और यौन शोषण के आरोप के बाद दो सहायक उप-निरीक्षक और एक होम गार्ड को निलंबित कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन ने बताया कि एएसआई संजीव कुमार, एएसआई राजेंद्र कुमार और होम गार्ड सुमित के खिलाफ मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि इन आरोपों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
बोन कैंसर का इलाज करवा रहा शिकायतकर्ता एक बैंक में कार्यरत है। उसने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 17 जून की रात को जब वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था तभी इंद्री रोड पर एक जांच चौकी के पास पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया। बताया जाता है कि उसके चेहरे पर बंधे कपड़े को लेकर कहासुनी हुई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी पुलिसकर्मियों ने उसे थप्पड़ मारा, उसका मोबाइल फोन छीन लिया और जबरदस्ती लाडवा थाने ले गए, जहां अपनी मेडिकल स्थिति के बारे में बताने के बावजूद उन्होंने उसकी पिटाई की।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि उन्होंने उसकी बीमारी का मजाक उड़ाया और बाद में कुकर्म किया।
घटना के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और लाडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुरुआती इलाज के बाद उसे कुरुक्षेत्र के लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसपी ने कहा कि उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत में नामजद कर्मियों से पूछताछ की।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता कथित तौर पर शराब के नशे में था और जांच के दौरान उसने पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी की थी।
पुलिस ने कहा कि एसआईटी जांच के नतीजों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश