Breaking News

'हमें आपके स्वास्थ्य की चिंता है...' बबीता फोगाट की सोनम वांगचुक से अनशन तोड़ने की अपील     |   मेट्रो स्टेशन बंद होने से वकीलों की परेशानी सुप्रीम कोर्ट पहुंची, CJI बोले- जरूरत पड़ी तो करेंगे हस्तक्षेप     |   छात्रों के आंदोलन में शामिल होंगे अन्न हजारे     |   विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित     |   ‘युवाओं का हित मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता’, अमित शाह का एक्स पोस्ट     |  

नेहरा ने 800 मीटर में आठ मिनट से कम का समय लिया, राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई किया

अहमदाबाद, 20 जून (भाषा) आर्यन नेहरा पुरुषों की 800 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में आठ मिनट से कम समय लेने वाले पहले भारतीय तैराक बन गए। उन्होंने शनिवार को यहां नेशनल एक्वाटिक्स चैंपियनशिप में अपना ही सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय बेहतर करते हुए स्वर्ण पदक जीता और राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों दोनों के लिए क्वालीफाई किया।

गुजरात के इस तैराक ने फाइनल में सात मिनट 59.36 सेकेंड का समय लिया जो 2019 में बनाए गए उनके पिछले सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय आठ मिनट 00.76 से दो सेकेंड से भी कम था।

इस प्रदर्शन से ना केवल उन्हें स्वर्ण पदक मिला, बल्कि वह इस स्पर्धा में आठ मिनट से कम समय लेने वाले पहले भारतीय भी बन गए। साथ ही उन्होंने अगले महीने ग्लास्गो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों और जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली।

नेहरा ने पुरुषों की 1500 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में भी सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय दर्ज किया था जहां उन्होंने इसी हफ्ते राष्ट्रमंडल खेलों के क्वालीफिकेशन स्तर को भी हासिल किया था।

नेहरा के अलावा ओलंपियन साजन प्रकाश (200 मीटर बटरफ्लाई) ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया है जबकि श्रीहरि नटराज ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक में दोनों बहु खेल प्रतियोगिताओं के लिए जगह बनाई।

प्रतियोगिता में रिकॉर्ड टूटने का सिलसिला जारी रहा क्योंकि रुजुला एस और बी बेनेडिक्टन रोहित ने भी अपनी स्पर्धाओं में सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय निकाले।

रुजुला ने महिलाओं की 50 मीटर फ्रीस्टाइल में पिछले साल का अपना ही रिकॉर्ड बेहतर करते हुए 26.23 सेकेंड का समय लिया।

रोहित ने एक ही दिन में दो बार पुरुषों की 50 मीटर बटरफ्लाई का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। हीट में 24.11 सेकेंड के अपने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के बाद उन्होंने फाइनल में इसे और बेहतर किया और 23.63 सेकेंड के समय से स्वर्ण पदक जीता।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता